रविंद्र भूरा हत्याकांड के पांच आरोपी बरी
कचहरी में पेशी के दौरान 18 वर्ष पूर्व हुए रविंद्र भूरा हत्याकांड के पांच आरोपियों को न्यायालय ने संदेह का लाभ देते हुए बरी कर दिया है। इस मामले में सात आरोपियों के खिलाफ चार्जशीट दाखिल की गई थी, जिनमें से दो आरोपियों की मौत हो चुकी है। इस मामले का एक आरोपी रहा अजय जडेजा कई अन्य मामलों में जेल में है, जबकि चार अन्य आजाद, अजय मलिक, यशवीर और गुलाब जमानत पर बाहर हैं।
आरोपियों के अधिवक्ता वीके शर्मा ने बताया कि एसआई रेशम सिंह ने थाना सिविल लाइन में मुकदमा दर्ज कराया था। इसमें बताया था कि 16 अक्तूबर 2006 को उनकी ड्यूटी जिला कारागार मेरठ में बंद अभियुक्त रविंद्र भूरा की पेशी में लगी थी। पुलिस लाइन से सरकारी शस्त्र लेकर वह कड़ी सुरक्षा के बीच रविंद्र भूरा की पेशी करने कचहरी लाए थे।
कचहरी में आरोपी अपने हाथ में पिस्तौल लेकर आए और रविंद्र भूरा पर फायरिंग शुरू कर दी। तभी कांस्टेबल मनोज कुमार ने एक बदमाश को दबोच लिया था। बदमाश ने मनोज को गोली मार दी थी। इससे कांस्टेबल मनोज घायल हो गया और सभी आरोपी फरार हो गए।
इस घटना में रविंद्र भूरा और उसके भतीजे गौरव, एक बदमाश और कांस्टेबल की मौके पर मौत हो गई थी। वहीं, मामले में पुलिस ने 27 गवाह न्यायालय में पेश किए थे। आरोपियों की ओर से उनके अधिवक्ता द्वारा न्यायालय में बताया कि पुलिस द्वारा सभी आरोपियों को इस मुकदमे में झूठा फंसाया जा रहा है। इसके लिए कुछ साक्ष्य कोर्ट में पेश किए गए। इनके आधार पर न्यायालय ने आरोपियों का संदेह का लाभ देकर बरी कर दिया।
बाइपास पर छात्र को दौड़ाकर पीटा-फोटो
दिल्ली देहरादून बाईपास पर बीआईटी कालेज के बाहर आधा दर्जन छात्रों ने एक युवक को दौड़ाकर पीटा। गश्त कर रही पुलिस को देखकर आरोपी भाग निकले। पीड़ित छात्र ने आरोपियों के खिलाफ तहरीर दी।
रिझानी निवासी ओमप्रकाश पुत्र अमर बहादुर सिंह बीआईटी कालेज में द्वितीय वर्ष का छात्र है। शनिवार दोपहर दो छात्रों ने ओमप्रकाश के साथ गाली गलौज करते हुए मारपीट कर दी। ओमप्रकाश ने विरोध किया तो आरोपियों ने अपने साथियों को बुलाकर उसे दौड़ा-दौड़ाकर पीटा। इस दौरान छात्र मदद की गुहार लगाता रहा लेकिन किसी ने उसकी मदद नहीं की। इस दौरान गश्त पर जा रही पुलिस की गाड़ी को देखकर आरोपी छात्र भाग निकले। पुलिस ने घायल छात्र का सीएचसी भूड़बराल में उपचार कराया। थाना प्रभारी जयकरण सिंह ने बताया कि तहरीर के आधार पर कार्रवाई की जा रही है।
घाट में दिनदहाड़े मकान में लाखों की चोरी
परतापुर। घाट गांव में दिन दहाड़े मकान में अलमारी का ताला तोड़कर चोरों ने लाखों का माल साफ कर दिया। शक के आधार पर पुलिस ने दो युवकों को हिरासत में ले लिया है। थाने में तहरीर दी गई है।
आनंद शर्मा पुत्र लोकेंद्र शर्मा ने चार फरवरी को अपनी भांजी की शादी घाट गांव में की थी। घर में उसका कन्यादान व भात की ज्वेलरी व नगदी रखी थी। शनिवार को परिवार के लोग किसी काम से बाहर गए थे। इस दौरान खेत के रास्ते से चोर उनके घर में घुसे और कमरे का ताला तोड़कर सेफ में रखा सोने का हार, चार कंगन, पाजेब, तगड़ी समेत दो लाख की नकदी साफ कर दी। परिवार के लोग जब वापस लौटे तो कमरे में सामान बिखरा था। चोरी की जानकारी होने पर गांव के लोग एकत्र हो गए और जमकर हंगामा किया। सूचना पर पहुंची पुलिस ने कहा कि घटना का जल्द खुलासा कर दिया जाएगा। पुलिस ने शक के आधार पर दो युवकों को हिरासत में ले लिया। थाना प्रभारी जयकरण सिंह का कहना है कि पड़ोस के लोगों ने एक युवक को घर से निकलकर खेत के रास्ते से जाता हुआ देखा था। उससे पूछताछ की जा रही है। जल्द ही घटना का खुलासा कर दिया जाएगा।