गंगानगर थाना क्षेत्र निवासी युवक ने बताया कि मंगलवार शाम वह अपनी बहन के साथ कार से आबूलेन स्थित अपने रेस्टोरेंट पर जा रहा था। बेगमपुल से पहले नाले की पटरी पर दयानंद अस्पताल के सामने पहुंचे तो वहां स्कूटी सवार तीन युवकों ने भद्दे कमेंट्स किए और कार के शीशे पर हाथ मारने लगे।
उन्होंने युवकों का विरोध किया और मोबाइल से उनके फोटो खींच लिए। यह देखकर युवकों ने कार पर जोर से हाथ मरते हुए गाली-गलौच की। इस पर वह कार लेकर बेगमपुल से आबूलेन की ओर चल दिया। आरोप है कि स्कूटी सवार युवकों ने कार का पीछा किया और निशात सिनेमा के सामने उन्होंने और उनके तीन-चार दोस्तों ने कार रोककर हमला कर दिया।
युवक ने आरोप लगाया कि कार नहीं रोकने पर एक युवक बोनट पर बैठ गया और आगे का शीशा तोड़ और साइड मिरर तोड़ दिया। दोनों भाई-बहन घबरा गए लेकिन कार नहीं रोकी। जब वह फव्वारा चौक पर पहुंचे तो जाम के कारण कार रोकनी पड़ी।
इसी दाैरान तीन-चार युवक पीछे भागते हुए आए और कार में फिर तोड़फोड़ की। उन्होंने वहां पड़ी ईंट उठाकर कार के पीछे का शीशा भी तोड़ दिया। युवक सरेराह गुंडई करते रहे और पूरा बाजार तामीशबीन बना रहा।
जाम खुला तो युवक किसी तरह कार लेकर भागा। वहीं आरोपी हमलावर भी जान से मारने की धमकी देकर स्कूटी व अन्य वाहनों पर सवार होकर भाग गए। घटना के समय ही एक अन्य कार सवार ने घटना का वीडियो बनाकर सोशल मीडिया पर वायरल कर दिया।
यह भी पढ़ें: यूपी में गैंगस्टर ढेर: पांच माह पहले आया था समयदीन, एनकाउंटर के डर से वापस भागा; हिस्ट्रीशीटर की क्राइम कुंडली