पंचक खत्म होते ही शहर में शिवभक्तों की संख्या बढ़ गई है। अब शहर के अंदर भी कांवड़ियों का आना शुरू हो गया है। इसके चलते यातायात पुलिस ने दिल्ली रोड, हापुड़ रोड, गढ़ रोड को पूरी तरह से वनवे कर दिया है। पुलिस ने सभी जगह बैरिकेडिंग कर दी थी। केवल शहर से लेकर हाइवे तक बड़े चौराहे खुले है, जहां से निकलकर जा सकते है। वनवे व्यवस्था लागू होने के कारण ही शुक्रवार को दिल्ली रोड पर ट्रांसपोर्ट नगर से लेकर परतापुर तक लंबा जाम लगा रहा।
वाहनों का दबाव अधिक होने के कारण चारपहिया और दोपहिया वाहन फंसे रहे। ईव्ज चौराहा, हापुड़ अड्डे पर लंबा जाम लगा रहा। गढ़ रोड पर सोहराब गेट बस अड्डे पर लंबा जाम लगा रहा। यातायात पुलिस भी जाम खुलवाने में नाकाम साबित हुई।
यातायात प्रभारी विनय कुमार शाही ने बताया कि वाहनों का दबाव एक तरफ अधिक होने के चलते जाम की स्थिति बन गई थी। सभी प्वाइंटों पर यातायात पुलिसकर्मियों ने जाम खुलवाया। शहर की गलियों से होकर निकलने में भी दोपहिया वाहन चालकों को डेढ़ घंटे का समय लग गया।
ऑटो और ई-रिक्शा किए प्रतिबंधित
यातायात पुलिस ने ऑटो और ई-रिक्शा को भी कांवड़ यात्रा के मद्देनजर प्रतिबंधित कर दिया है। दिल्ली रोड और हापुड़ रोड समेत सभी स्थानों पर आटो और ई-रिक्शा यातायात पुलिस ने बंद करा दिए है ताकि जाम की स्थिति न बिगड़े।