मेरठ में मंगलवार दोपहर जैसे ही कांग्रेस के राष्ट्रीय सचिव एवं पश्चिम उत्तर प्रदेश प्रभारी प्रदीप नरवाल बुढ़ाना गेट स्थित जिला पार्टी कार्यालय पहुंचे, कार्यकर्ताओं ने जोरदार स्वागत किया। लेकिन स्वागत के कुछ ही मिनट बाद माहौल अचानक तनावपूर्ण हो गया।
जिला अध्यक्ष और महानगर अध्यक्ष की मौजूदगी में भिड़े कार्यकर्ता
राष्ट्रीय सचिव के कार्यालय में प्रवेश करते ही कार्यकर्ता आपस में उलझ गए। जिला कांग्रेस अध्यक्ष गौरव भाटी और महानगर अध्यक्ष रंजन शर्मा की मौजूदगी में पहले हल्की कहासुनी हुई, जो देखते ही देखते धक्का-मुक्की में बदल गई। स्थिति कुछ समय के लिए बेकाबू हो गई।
यह भी पढ़ें: UP: 'वंदे मातरम' पर कैराना सांसद इकरा हसन का जोरदार संबोधन, समझाया अर्थ, संसद में बजी तालियां
प्रदीप नरवाल ने कड़ा रुख अपनाकर कराया माहौल शांत
हंगामा बढ़ता देख राष्ट्रीय सचिव प्रदीप नरवाल खुद आगे आए और कार्यकर्ताओं को फटकार लगाते हुए शांत कराया। इसके बाद उन्होंने बैठक का संचालन कराया और कार्यकर्ताओं को अनुशासन में रहने की नसीहत दी।
कार्यालय के बाहर भी हुई नारेबाजी
बताया जा रहा है कि बैठक से पहले ही कुछ कार्यकर्ताओं में किसी पुराने विवाद को लेकर कहासुनी हो गई थी। इसका असर बैठक में भी दिखाई दिया। कार्यकर्ताओं ने कार्यालय के बाहर नारेबाजी कर दी, जिसकी चर्चा बैठक के दौरान भी होती रही।