पहले दिन निर्दलीय प्रत्याशी राकेश कुमार ने भरा पर्चा
मेरठ-गाजियाबाद स्थानीय प्राधिकारी निर्वाचन के लिए मंगलवार से नामांकन प्रक्रिया को शुरू कर दिया गया है। 19 मार्च तक नामांकन प्रक्रिया की जानी है। हालांकि, अभी भाजपा, सपा की ओर से कोई भी प्रत्याशी घोषित नहीं हुआ है। पहले दिन मोदीनगर निवासी निर्दलीय प्रत्याशी राकेश कुमार ने नामांकन किया।
उनके साथ दस प्रस्तावकों के नाम भी दिए गए हैं। नामांकन के लिए कलक्ट्रेट में बैरिकेडिंग कर दी गई है। अब नामांकन के लिए सिर्फ दो दिन का समय बचा है। 17 को होली और 18 को दुल्हैंडी के चलते सरकारी अवकाश रहेगा। पहले दिन सिर्फ एक नामांकन पत्र भरा गया।
मतदाता सूची को किया अपडेट
वहीं, एमएलसी चुनाव के लिए प्रशासन ने मतदाता सूची को अपडेट कर दिया है। जिलेवार 14 मार्च तक की मतदाता सूची अपलोड की गई है। इसमें नगर निगम, जिला पंचायत सदस्य के अलावा सांसद, विधायक के नाम है।
हालांकि, मेरठ की मतदाता सूची में सांसद राजेंद्र अग्रवाल के अलावा किसी का नाम नहीं है। वहीं, विधायकों में कैंट विधायक सत्यप्रकाश अग्रवाल, दक्षिण विधायक सोमेंद्र तोमर, शहर विधायक रफीक अंसारी के नाम है। इस प्रकार नगर निगम, छावनी परिषद, जिला पंचायत, सांसद, विधायक मिलाकर कुल मतदाता संख्या 128 हैं। इसके अलावा गाजियाबाद, हापुड़, बागपत जिले की मतदाता सूची को भी अपडेट किया गया है।