नोएडा की एक महिला के साथ 2019 में हुए दुष्कर्म के मामले में शनिवार को कोर्ट के आदेश पर मेरठ के दौराला थाने में परमधाम न्यास के संस्थापक पर मुकदमा दर्ज किया गया है। वहीं, परमधाम न्यास के मीडिया प्रभारी ने बयान देते हुए दबाव बनाने के लिए मुकदमा दर्ज करने की बात कही।
नेशनल हाइवे 58 पर वलीदपुर स्थित परमधाम न्यास के संस्थापक पूर्ण गुरु चंद्रमोहन पर नोएडा निवासी एक महिला ने 2019 में दुष्कर्म करने का आरोप लगाया था।
आरोप है कि इस मामले में दंपती ने थाने पर शिकायत की। लेकिन, उस दौरान मुकदमा दर्ज नहीं किया गया। वहीं, परमधाम की ओर से महिला के पति पर धोखाधड़ी, यौन उत्पीड़न व ब्लैकमेलिंग का मुकदमा दर्ज कराया गया। जिसमें जांच के बाद महिला के पति को जेल भेज दिया गया था।
जेल से छूटकर आने के बाद दंपती कोर्ट की शरण में पहुंचा और शनिवार को कोर्ट के आदेश पर महिला की तहरीर पर दौराला थाना पुलिस ने दुष्कर्म का मुकदमा दर्ज किया। पुलिस मामले की जांच में जुट गई है।
वहीं, परमधाम न्यास के मीडिया प्रभारी सतीश का कहना है कि मुकदमा दर्ज कराने वाले व्यक्ति पर परमधाम को ओर से यौन उत्पीड़न, ब्लैकमेलिंग, धोखाधड़ी का मुकदमा दर्ज कराया गया था। पुलिस ने उक्त व्यक्ति को जेल भेजा था। दबाव बनाने के लिए उक्त व्यक्ति कोर्ट के माध्यम से गुरु चंद्रमोहन को बदनाम करने के लिए मुकदमा दर्ज करा रहा है। दुष्कर्म का कोई मामला नहीं है। संवाद