यह दर्दनाक हादसा एनएच-34 पर मसूरी गांव में वेलेंटिस हॉस्पिटल के सामने फ्लाईओवर पर हुआ। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, स्प्लेंडर बाइक पर सवार युवक मेरठ की ओर आ रहा था। इसी दौरान पीछे से आ रही तेज रफ्तार कार के चालक ने लापरवाही से वाहन चलाते हुए बाइक को पीछे से टक्कर मार दी।
टक्कर के बाद बाइक सवार युवक करीब 30 फीट की ऊंचाई से नीचे सर्विस रोड पर जा गिरा। इतना ही नहीं, बाइक कार के अगले हिस्से में फंस गई और करीब 100 मीटर तक घिसटती चली गई, जिससे बाइक बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गई। घटना की सूचना मिलते ही इंचौली थाना पुलिस मौके पर पहुंची और घायल युवक को तत्काल एंबुलेंस से अस्पताल भिजवाया।
पुलिस के अनुसार, चालक ने मौके पर मौजूद राहगीरों को कार की चाबी सौंप दी और खुद फरार हो गया। बाइक सवार युवक की पहचान नोएडा के सेक्टर-99 सराय कॉलोनी निवासी 27 वर्षीय अभिषेक पुत्र अशोक के रूप में हुई। उसे तत्काल मेडिकल हॉस्पिटल ले जाया गया, जहां उसका इलाज चल रहा है।
पुलिस ने युवक के परिजनों को घटना की सूचना दे दी है और फरार कार चालक की तलाश शुरू कर दी है। इंचौली थाना प्रभारी जितेंद्र त्रिपाठी ने बताया कि कार चालक का पता लगाने के लिए प्रयास किए जा रहे हैं। यह घटना एक बार फिर तेज रफ्तार और लापरवाही से वाहन चलाने के खतरनाक परिणामों को उजागर करती है।
ये भी देखें...
Meerut: रैपिड के इस स्टेशन पर ऑटो चालकों की गुंडागर्दी, सवारी बैठाने पर रोडवेज इलेक्ट्रिक बस कंडक्टर को पीटा