संवाद न्यूज एजेंसी
मेरठ। किला रोड स्थित गेम सिटी एरेना में आयोजित आठवीं जूनियर अंडर-14 क्रिकेट टूर्नामेंट के ग्रुप बी के मैच में मंगलवार को मेरठ ब्लास्टर क्रिकेट एकेडमी ने बीडीएम को 190 रन से हराया।
टॉस जीतकर बीडीएम क्रिकेट एकेडमी ने पहले गेंदबाजी करने का निर्णय लिया जो गलत साबित हुआ। मेरठ ब्लास्टर क्रिकेट एकेडमी ने शानदार बल्लेबाजी करते हुए 40 ओवर में चार विकेट के नुकसान पर 323 रन का विशाल स्कोर खड़ा किया। इस पारी के नायक अभिनव रहे। उन्होंने 168 रन की शानदार पारी खेली। उनके साथ शुभ रंधावा अंसारी ने भी 83 रन बनाकर टीम को मजबूती दी। बीडीएम क्रिकेट एकेडमी की ओर से आदित्य जैन, युवी पुंडीर, रणविजय और आराध्य देव ने 1-1 विकेट हासिल किए लेकिन वे विपक्षी टीम के बल्लेबाजों को रोकने में सफल नहीं हो सके।
लक्ष्य का पीछा करने उतरी बीडीएम क्रिकेट एकेडमी की टीम 28.3 ओवर में 133 रन पर ऑल आउट हो गई। युवी पुंडीर ने 34 गेंदों में 40 रन बनाकर सर्वाधिक योगदान दिया जबकि अविराज ने 22 रन बनाए। अन्य बल्लेबाज खास प्रदर्शन नहीं कर सके। मेरठ ब्लास्टर की गेंदबाजी भी उतनी ही प्रभावशाली रही। रोहन यादव और शिवा सैनी ने 3-3 विकेट लिए जबकि अथर्व ने 2 विकेट झटके। अभिनव को उनके शानदार प्रदर्शन के लिए मैन ऑफ द मैच चुना गया। गेम सिटी एरीना के मालिक नलिन अग्रवाल ने विजेता टीम को बधाई दी और खिलाड़ियों के प्रदर्शन की सराहना की।