सरधना। राशिद का फाइल फोटो। परिजन
- आज गांव दमगढ़ी पहुंच सकता है राशिद का शव
संवाद न्यूज एजेंसी
सरधना। मध्य प्रदेश-महाराष्ट्र सीमा पर स्थित बिजासन घाट में सोमवार को हुए सड़क हादसे में ट्रक चालक राशिद (40) निवासी दमगढ़ी, थाना रोहटा की मौत हो गई। हादसे के बाद घायल चालक को अस्पताल ले जाया गया, जहां उपचार के दौरान उसने दम तोड़ दिया। मंगलवार दोपहर उसका पोस्टमार्टम किया गया। बुधवार को शव गांव पहुंचने की संभावना जताई गई है। घटना के बाद परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है।
राशिद महाराष्ट्र में ट्रक चलाकर अपने परिवार का पालन-पोषण करता था। सोमवार सुबह महाराष्ट्र चौकी के सामने ट्रेलर अनियंत्रित होकर आगे चल रहे मिनी ट्रक से जा टकराया। टक्कर इतनी जोरदार थी कि मिनी ट्रक भी आगे चल रहे वाहन से भिड़ गया। हादसे में ट्रेलर चालक केबिन में बुरी तरह फंस गया। सूचना पर पहुंची पुलिस और हाईवे कर्मियों ने करीब एक घंटे की मशक्कत के बाद क्रेन की मदद से उसे बाहर निकाला। घायल अवस्था में उसे सिरपुर अस्पताल ले जाया गया, जहां से धूलिया रेफर किया गया। वहां इलाज के दौरान उसकी मौत हो गई। हादसे के कारण मुंबई की ओर जाने वाली लेन पर लंबा जाम लग गया। वाहनों की कतारें करीब चार किलोमीटर तक पहुंच गईं। पुलिस और हाईवे टीम ने मौके पर पहुंचकर राहत एवं बचाव कार्य किया। वहीं गांव दमगढ़ी में परिजन और ग्रामीण शव पहुंचने का इंतजार कर रहे हैं।