हापुड़ और संभल जिले से राशन के चावल की कालाबाजारी कर हरियाणा की राइस मिल में बेचने वाले गिरोह के छह सदस्यों के खिलाफ पूर्ति विभाग ने मुकदमा दर्ज कराया है। पुलिस ने ट्रकों को कब्जे में लेकर जांच शुरू कर दी है।
पूर्ति विभाग की टीम ने दस दिन पहले संभल और हापुड़ जिले से हरियाणा जा रहे चावल से लदे तीन ट्रक पकड़े थे। इनमें करीब 794 क्विंटल चावल लदा था। दोनों ट्रकों में लदे चावल के सैंपल लेकर लैब में जांच कराई गई। जांच रिपोर्ट में ट्रकों में लदा चावल फोर्टिफाइड निकला, जो राशन की दुकानों से लाभार्थियों को वितरित किया जाता है।
जिला पूर्ति अधिकारी अनूप तिवारी ने बताया कि पूर्ति निरीक्षक राजेश कुमार ने बागपत कोतवाली में चावल मालिक ज्ञानेंद्र कंसल निवासी हापुड़, अरुण कुमार शर्मा निवासी गुलावटी, मनोज कुमार गर्ग निवासी यमुना नगर, ट्रक चालक नसीम निवासी कलाचीन जिला गाजियाबाद, कुमार शर्मा निवासी गुलावटी जनपद बुलंदशहर, चालक खालिद निवासी रसूलपुर जिला बुलंदशहर, चावल मालिक मनोज कुमार गर्ग और चालक करण चौधरी निवासी यमुनानगर के खिलाफ मुकदमा दर्ज कराया। पुलिस का कहना है कि जांच के आधार पर कार्रवाई की जाएगी।