मेरठ के सोहराब गेट बस अड्डे पर चालक पदम सिंह की सेवानिवृत्ति के अवसर पर आयोजित विदाई समारोह का एक वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है। वीडियो में समारोह के दौरान बार बालाओं के नृत्य का आयोजन होता दिखाई दे रहा है। सार्वजनिक स्थान पर हुए इस आयोजन को लेकर अब सवाल उठने लगे हैं।
विज्ञापन
विदाई समारोह में हुआ डांस कार्यक्रम
जानकारी के अनुसार, चालक पदम सिंह के सेवानिवृत्त होने पर बस अड्डे परिसर में विदाई समारोह आयोजित किया गया था। कार्यक्रम के दौरान बार बालाओं का नृत्य भी कराया गया, जिसे देखने के लिए बड़ी संख्या में लोग मौके पर जुट गए। समारोह के दौरान मौजूद लोगों ने कार्यक्रम का वीडियो बनाकर सोशल मीडिया पर साझा कर दिया, जिसके बाद यह वीडियो तेजी से वायरल हो गया।
सार्वजनिक आयोजन को लेकर उठे सवाल
वीडियो सामने आने के बाद सार्वजनिक स्थल पर इस तरह के आयोजन को लेकर चर्चा शुरू हो गई है। लोगों का कहना है कि सरकारी परिसर में आयोजित कार्यक्रमों की गरिमा बनाए रखी जानी चाहिए।
हालांकि, इस मामले में अभी तक परिवहन विभाग या प्रशासन की ओर से कोई आधिकारिक बयान सामने नहीं आया है।