सदर थाने में हंगामा करते हिंदू संगठन के लोग।
- फोटो : अमर उजाला
आबूलेन पर बजरंग दल कार्यकर्ता की बुलेट बाइक पुलिस ने पटाखा छोड़ने के चलते सीज कर दी। इस पर कार्यकर्ता भड़क गए और उनकी पुलिस से तीखी नोकझोंक हो गई। इसके बाद कार्यकर्ता सदर बाजार थाने पहुंचे और हंगामा किया। काफी हंगामे के बाद थाना प्रभारी सदर बाजार ने पुलिसकर्मी के अभद्र व्यवहार की जांच कर कार्रवाई का आश्वासन दिया। वहीं, एसएसपी अविनाश पांडेय ने अभद्रता के आरोप में थानेदार के हमराह हरेंद्र राठी और सिपाही यतेंद्र को लाइन हाजिर कर दिया है और 11 हजार रुपये का जुर्माना भरने के बाद बाइक को भी छोड़ दिया गया।
होली पर सुरक्षा के मद्देनजर सोमवार को पुलिस ने चेकिंग अभियान चलाया था। इसी दौरान आबूलेन पर एक बुलेट बाइक पर सवार राहुल और कर्ण वहां से निकले। सिपाहियों ने रुकने का इशारा किया लेकिन आरोप है कि उन्होंने बाइक दौड़ा दी। दो सिपाहियों ने अपनी बाइक से उनका पीछा किया और आबू प्लाजा परिसर में दबोच लिया।
युवकों ने विरोध किया और कहा कि वे असामाजिक तत्व नहीं हैं। वह बजरंग दल के कार्यकर्ता हैं। आरोप है कि सिपाहियों ने उनकी बात सुनने से इन्कार कर दिया। कुछ ही देर में दोनों पक्षों में विवाद भी हुआ। बाद में इस मामले में विहिप बजरंग दल के कार्यकर्ता सदर बाजार थाने में बुला लिए गए। उन्होंने हंगामा करना शुरू कर दिया। पुलिस ने नियमों का हवाला देते हुए कार्रवाई करने की बात कही। हालांकि एक घंटे चले हंगामे के बाद पुलिस ने बुलेट बाइक छुड़वाने का आश्वासन दिया। इसके बाद ही मामला शांत हुआ।
एसपी सिटी आयुष विक्रम सिंह ने बताया कि राहुल की बाइक को कर्ण चला रहा था। बुलेट बाइक से पटाखे छोड़े जा रहे थे। इसलिए 11 हजार रुपये का जुर्माना लगाया है। जुर्माना जमा करने के बाद छोड़ दिया गया है। दो सिपाही हरेंद्र राठी और यतेंद्र को फिलहाल लाइन हाजिर किया गया है।