कांग्रेस जिलाध्यक्ष गौरव भाटी के साथ कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने सरधना में एसडीएम कार्यालय पर धरना-प्रदर्शन किया। कालंद गांव के स्कूल का वीडियो बनाने पर एडवोकेट संयम पांचाल और उनके साथी अयान मिर्जा को जेल भेजने का विरोध किया।
जिला कांग्रेस कमेटी के जिलाध्यक्ष गौरव भाटी के नेतृत्व में कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने एडवोकेट जितेंद्र पांचाल के बेटे संयम पांचाल एडवोकेट और उनके साथी अयान मिर्जा को 151 में जेल भेजने का विरोध किया। उनके खिलाफ दर्ज मुकदमे को फर्जी बताते हुए विरोध प्रदर्शन किया। कांग्रेस नेताओं ने राज्यपाल के नाम एसडीएम सरधना उदित नारायण शंकर को ज्ञापन सौंपकर दोनों युवकों के खिलाफ दर्ज प्राथमिकी निरस्त करने और मामले की निष्पक्ष जांच कराने की मांग की। इस दौरान एसडीएम से कांग्रेस कार्यकर्ताओं की तीखी नोकझोंक हो गई। नाराज एसडीएम ज्ञापन लिए बिना ही अपने चैंबर में चले गए। इसके बाद कांग्रेस कार्यकर्ता एसडीएम कार्यालय के सामने धरने पर बैठ गए।
विज्ञापन
कांग्रेस जिलाध्यक्ष गौरव भाटी ने आरोप लगाया कि जिला कांग्रेस कमेटी के जिला महासचिव जितेंद्र पांचाल एडवोकेट के पुत्र संयम पांचाल एडवोकेट और उनके साथी अयान मिर्जा निवासी सरधना के खिलाफ गलत तथ्यों के आधार पर प्राथमिकी दर्ज कर उन्हें जेल भेजा गया है। दोनों युवकों के खिलाफ हुई कार्रवाई एकतरफा है और कांग्रेस इसे बर्दाश्त नहीं करेगी।
कांग्रेस नेताओं ने कहा कि संयम पांचाल क्षेत्र के गांवों में स्कूल-कॉलेजों की स्थिति और वहां की समस्याओं को लेकर आवाज उठा रहे थे। कांग्रेस ने आरोप लगाया कि इसी को लेकर उनके खिलाफ कार्रवाई की गई। नेताओं ने मामले की निष्पक्ष जांच कराने तथा दोनों युवकों के खिलाफ दर्ज प्राथमिकी को तत्काल निरस्त करने की मांग की।
ज्ञापन देने के दौरान एसडीएम और कांग्रेस कार्यकर्ताओं के बीच तीखी बहस हो गई। कांग्रेस कार्यकर्ताओं का आरोप है कि उनकी बात सुनने के बजाय एसडीएम नाराज होकर ज्ञापन लिए बिना ही अपने चैंबर में चले गए। इससे कांग्रेस कार्यकर्ताओं में आक्रोश फैल गया। कार्यकर्ता एसडीएम कार्यालय के सामने ही धरने पर बैठ गए और कार्रवाई के विरोध में नारेबाजी की।
कांग्रेस जिलाध्यक्ष गौरव भाटी ने कहा कि यदि दोनों युवकों के खिलाफ दर्ज प्राथमिकी निरस्त नहीं की गई और मामले में निष्पक्ष जांच नहीं हुई तो कांग्रेस कार्यकर्ता तहसील स्तर से लेकर जिला स्तर तक आंदोलन करेंगे। जरूरत पड़ी तो कांग्रेस सड़कों पर उतरकर जन आंदोलन करेगी।
धरने पर बैठे कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने कहा कि किसी भी व्यक्ति के खिलाफ कार्रवाई से पहले पूरे मामले की निष्पक्ष जांच होनी चाहिए। इस दौरान कांग्रेस के पदाधिकारी और बड़ी संख्या में कार्यकर्ता मौजूद रहे। एसडीएम कार्यालय के बाहर धरने और हंगामे के चलते कुछ समय तक तहसील परिसर में माहौल गरम रहा। इसके बाद एसडीएम ने कांग्रेस कार्यकर्ताओं का ज्ञापन लिया और निष्पक्ष जांच कराने का आश्वासन दिया।
साजिशन भेजा गया जेल
कांग्रेस जिलाध्यक्ष गौरव भाटी ने कहा कि धारा 151 के 99 प्रतिशत मुकदमों में एसडीएम कोर्ट से जमानत मिल जाती है। फिर इन युवकों ने ऐसा कौन सा अपराध कर दिया कि उन्हें जेल भेज दिया गया, शिक्षा व्यवस्था को सुधारने के उद्देश्य से एक वीडियो ही तो बनाया था।
ये है मामला
एडवोकेट संयम पांचाल ने सरधना के कालंद गांव के स्कूल की बदहाली दिखाते हुए वीडियो वायरल किया था। शिक्षा विभाग की ओर से बताया गया कि यह विद्यालय नई बिल्डिंग में शिफ्ट कर दिया गया है। ऐसे में भ्रामक वीडियो बनाकर शिक्षा विभाग और सरकार को बदनाम किया गया है। पुलिस ने धारा 151 में रिपोर्ट दर्ज की, उसके बाद एसडीएम कोर्ट से संयम और उनके साथी अयान मिर्जा को जेल भेज दिया गया। सरधना बार के वकील और कांग्रेस कार्यकर्ता इसका विरोध कर रहे हैं।