बार काउंसिल ऑफ इंडिया द्वारा भेजे गए पत्र पर विचार विमर्श करने के लिए सोमवार को पं. नानक चंद सभागार में मेरठ बार एसोसिएशन के अध्यक्ष राजेंद्र सिंह की अध्यक्षता में सभा आयोजित की गई। संचालन संयुक्त मंत्री मनोज कुमार बंसल ने किया। बैठक में बार काउंसिल ऑफ इंडिया द्वारा पारित प्रस्ताव में उल्लेखित बिंदुओं पर गहनता से विचार किया गया तथा उनके संबंध में वकीलाें को विस्तार से जानकारी दी गयी। पांच प्रस्तावों पर विचार कर सुझाव लिए गए।
वहीं, जिला बार एसोसिएशन के महात्मा गांधी सभागार में भी इस संबंध में एसोसिएशन के अध्यक्ष राजीव नागर की अध्यक्षता में बैठक की गई। संचालन महामंत्री प्रवीन कुमार सुधार ने किया। वहीं, भारत सरकार, राज्य सरकार द्वारा वकीलों के हित में मेडिक्लेम, इंश्योरेंस, पेंशन, स्टाइफंड व कल्याणकारी योजनाआें का लागू करने के लिए अहम कदम उठाने की बात कही गई।
कहा गया कि हायर एजूकेशन कमीशन ऑफ इंडिया एक्ट 2018 पर भी वकीलों की शक्ति को सीमित किया जा रहा है। बैठक में विजय शर्मा, अमित धामा, अनोज गिरी, मौ. यासीर, समरजीत, संजय कुमार, राजेंद्र तोमर, आनंद कश्यप आदि मौजूद रहे।