कैलाश प्रकाश स्पोर्ट्स स्टेडियम में महिला खेल समारोह के अंतर्गत अंतरमंडलीय एथलेटिक्स और बैडमिंटन प्रतियोगिता का बृहस्पतिवार को रंगारंग शुभारंभ हुआ।
इस अवसर पर मुख्य अतिथि किठौर विधायक सत्यवीर त्यागी ने कहा कि खेल जीवन का अभिन्न अंग है। इससे स्वस्थ समाज की रचना के साथ भाईचारे का संदेश भी जाता है। खेल आज की सबसे बड़ी जरूरतों में से एक है इसलिए हर माता-पिता को अपने बच्चे को किसी ना किसी खेल में जरूर शामिल करना चाहिए।
शुभारंभ अवसर पर पीएसी के बैंड की धुन पर टीमों ने मार्चपास्ट निकाला। 800 मीटर से प्रतियोगिता का आगाज हुआ। शिवानी तोमर ने सभी खिलाड़ियों को शपथ दिलाई। 800 मीटर में लखनऊ की खुशबू प्रथम, मेरठ की शशिलता द्वितीय और तीसरे स्थान पर वाराणसी की शिल्पी यादव रहीं। डिस्कस थ्रो में मेरठ की शिवानी ने पहला, मुरादाबाद की सोनिका ने दूसरा और मेरठ की ही उज्ज्वल ने तीसरा स्थान पाया। लांग जंप में लखनऊ की विभा यादव और सुनीता सोनकर पहले और दूसरे स्थान पर रहीं। तीसरा स्थान बरेली की शिवा ने प्राप्त किया।
हर्डल दौड़ के 100 मीटर इवेंट में विभा प्रथम, मेरठ की प्रियंका शर्मा द्वितीय और इलाहाबाद की सौम्या मिश्रा तृतीय रहीं। 400 मीटर में मेरठ की नेहा ने बाजी मारी। दूसरे स्थान पर लखनऊ की गुड़िया और तीसरे स्थान पर वाराणसी की प्रियंका सरोज रहीं। हाईजंप के मुकाबले भी रोमांचक रहे। इसमें मेरठ की मानसी और तानिया ने पहला और दूसरा स्थान पाया। तीसरे स्थान पर आगरा की तनु शर्मा रहीं। शॉट पुट में भी मेरठी खिलाड़ियों का दबदबा रहा। पहला और दूसरा स्थान मेरठ की खुशबू और सुनीता देवी ने पाया। तीसरे स्थान पर शिल्पी यादव रहीं। 100 मीटर में लखनऊ की सुनीता ने बाजी मारी। दूसरे स्थान पर बरेली की रिवा और तीसरे पर वाराणसी की रोशनी यादव रहीं।
4 बाई 400 मीटर रिले दौड़ में लखनऊ विजेता रहा, जबकि मेरठ को दूसरे और वाराणसी को तीसरे स्थान से संतोष करना पड़ा। उद्घाटन सत्र की अध्यक्षता क्षेत्रीय क्रीड़ा अधिकारी आले हैदर ने की। इस मौके पर जिला ओलंपिक संघ के अध्यक्ष पवन गोयल, जिला बैडमिंटन संघ के सचिव राजेश चौधरी, क्रीड़ा भारती के कपिल त्यागी, वरिष्ठ भाजपा नेता आलोक सिसौदिया, श्वेता, पवन भार्गव, सत्यप्रकाश राघव, लक्ष्यराज त्यागी, जेपी यादव, भूपेंद्र यादव, रमेश चौहान, चंचल भट्टाचार्य, अंशु दलाल, नेहा कश्यप मौजूद रहे।
बैडमिंटन में क्वार्टर फाइनल मुकाबले
महिला खेल प्रतियोगिता के अंतर्गत बैडमिंटन में पहले दिन क्वार्टर फाइनल का दौर चला। पहला मुकाबला आगरा मंडल की राधा ठाकुर ने क्रुती सारस्वत को 30-13 से हराकर अपने नाम किया। दूसरा मैच फैजाबाद की रिशिका यादव ने मेरठ की अनिया पटेल को 30-22 से हराया। तीसरे मैच में बनारस की रुद्रारानी जायसवाल ने अलीगढ़ की लवली चौधरी को 30-21 से हराकर जीत दर्ज की। आखिरी मैच झांसी की अनुष्का और मेरठ की निधि सहदेव के बीच खेला गया। अनुष्का ने यह मुकाबला 30-25 के अंतर से जीता। इस मौके पर मधु अवस्थी, नाजिया बेगम भी मौजूद रहीं।