हस्तिनापुर थाने के पास स्थित इन दुकानों को तहसील, नगर पंचायत और पुलिस की मौजूदगी में सील किया गया था। अब देर रात इन पर लगे तालों को काट दिया गया। इस मामले का वीडियो वायरल हो रहा है, जबकि संबंधित विभागों ने कोई कार्रवाई नहीं की है।
मेरठ के हस्तिनापुर कस्बे के मुख्य मार्ग पर थाना परिसर से करीब 50 मीटर की दूरी पर स्थित करोड़ों रुपये की विवादित संपत्ति में हाईकोर्ट के आदेश के बावजूद सील तोड़कर दुकानों पर कब्जे के प्रयास का मामला सामने आया है। करीब डेढ़ वर्ष पहले तहसील प्रशासन, नगर पंचायत और थाना पुलिस की मौजूदगी में तीन दुकानों को सील किया गया था। शनिवार देर रात तीनों दुकानों पर लगे सीलयुक्त तालों को कटर से काट दिया गया। 24 घंटे से अधिक समय बीतने के बाद भी किसी विभाग की ओर से कार्रवाई नहीं किए जाने पर सवाल उठ रहे हैं।
विज्ञापन
मुख्य मार्ग स्थित उक्त करोड़ों रुपये की भूमि पर निर्माण को लेकर नगर पंचायत ने इसे सरकारी भूमि बताते हुए कार्रवाई की थी। तत्कालीन अधिशासी अधिकारी राजीव कुमार की ओर से मामला न्यायालय तक पहुंचाया गया। प्रकरण हाईकोर्ट में सी-42002/2023, धनप्रकाश जैन बनाम उत्तर प्रदेश राज्य व अन्य के नाम से विचाराधीन बताया जा रहा है।
हाईकोर्ट के निर्देश पर वर्ष 2025 में राजस्व विभाग की टीम ने मौके पर पहुंचकर भूमि की पैमाइश और जांच की थी। इसमें बैनामे की आड़ में सरकारी भूमि पर कब्जे का मामला सामने आने के बाद सरकारी भूमि को अलग किया गया। इसी भूमि पर तीन दुकानों का निर्माण पाया गया था। तत्कालीन अधिकारी एसडीएम अंकित कुमार, नायब तहसीलदार सचिन चौधरी, अधिशासी अधिकारी राजीव जैन, थाना पुलिस के साथ दुकानों को अवैध मानते हुए न्यायालय के निर्देश पर उन्हें सील कर दिया था। अंतिम निर्णय होने तक मौके पर यथास्थिति बनाए रखने के निर्देश दिए गए थे।
शनिवार देर रात कुछ लोगों ने दुकानों के बाहर लगे सीलयुक्त तालों को कटर से काट दिया। करोड़ों रुपए की इस विवादित संपत्ति पर दोबारा कब्जा करने का प्रयास किया जा रहा है। खास बात यह है कि घटनास्थल थाने से महज कुछ दूरी पर है। आसपास के लोगों का कहना है कि जब तीनों दुकानों को सील करते समय तहसील प्रशासन, नगर पंचायत और पुलिस के अधिकारी मौजूद थे, तो ताले काटे जाने के मामले में भी संबंधित विभागों को कार्रवाई करनी चाहिए। वहीं नगर पंचायत के अधिशासी अधिकारी समेत संबंधित अधिकारियों से जानकारी लेने का प्रयास किया गया, लेकिन कोई स्पष्ट जवाब नहीं मिल सका।
ये बोले एसडीएम
नगर पंचायत की अधिशासी अधिकारी को अवैध रूप से सील हटाने वालों के खिलाफ थाने में तहरीर देकर कार्रवाई कराने के निर्देश दिए गए हैं। साथ ही संबंधित दुकानों पर दोबारा ताला लगाने को कहा है। - संतोष कुमार, एसडीएम