तैयार होने के बाद मेरठ को मिल सकती है राष्ट्रीय स्तर की एथलीट प्रतियोगिताओं की मेजबानी
- अंतिम दौर में पहुंचा कार्य, अब रबर बिछाए जाने की होगी शुरूआत
आसपास के जिलों से भी खिलाड़ी यहां कर सकेंगे अभ्यास
फोटो समाचार
संवाद न्यूज एजेंसी
मेरठ। स्पोर्टस स्टेडियम में चल रहा सिंथेटिक ट्रैक का निर्माण कार्य अंतिम दौर में पहुंच चुका है। ट्रैक पर डामर डाले जाने के बाद अब रबर बिछाए जाने का कार्य शुरू किया जाएगा। दिसंबर के आखिर तक काम पूरा होने की संभावना है। उम्मीद है कि नए साल में जनवरी माह में मेरठ के एथलीट सिंथेटिक ट्रैक पर दौड़ते नजर आएंगे। इसके बाद यहां राष्ट्रीय स्तर की एथलीट प्रतियोगिता कराने का रास्ता भी साफ हो जाएगा।
कैलाश प्रकाश स्पोर्ट्स स्टेडियम में सिंथेटिक ट्रैक बिछाने की मांग कई वर्षों से चल रही थी। जनवरी 2024 में शासन की ओर से यहां सिंथेटिक ट्रैक के लिए मंजूरी दी गई और इसके निर्माण के लिए 4.28 करोड़ रुपये मंजूर किए गए। निर्माण के लिए यूपीपीसीएल कंपनी को चयनित किया गया। कंपनी को धनराशि भी अवमुक्त करा दी गई थी। कंपनी की ओर से नवंबर 2024 में ट्रैक कार्य शुरू कर दिया गया। ट्रैक का निर्माण कुल 8.56 करोड़ में होना था। कंपनी को पूरी धनराशि जारी हो चुकी है। यह कार्य जून 2025 तक कंपनी को पूरा करना था, लेकिन बरसात के कारणछह माह का समय बढ़ा दिया गया। अब कार्य काफी तेजी के साथ किया जा रहा है। कंपनी की ओर से 400 मीटर के पूरे ट्रैक को डामर डालकर तैयार कर दिया गया है। अब रबर बिछाए जाने का कार्य किया जाएगा।
सिंथेटिक ट्रैक बनने से हजारों खिलाड़ियों को मिलेगा लाभ
कैलाश प्रकाश स्पोर्ट्स स्टेडियम में प्रतिदिन 1000 से अधिक खिलाड़ी अभ्यास करते हैं। वर्तमान में राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय सभी प्रतियोगिताएं सिंथेटिक ट्रैक पर होती हैं। मेरठ में सिंथेटिक ट्रैक न होने से खिलाड़ियों को तैयारी के लिए बाहर जाना पड़ता है। अब सिथेटिक ट्रैक के बनने से हजारों खिलाड़ियों को लाभ पहुंचेगा।
ऐसा रहेगा ट्रैक
400 मीटर का रनिंग सिंथेटिक ट्रैक तैयार किया जा रहा है। इसके अलावा शॉटपुट, ऊंची और लंबी कूद, डिस्कस थ्रो, भाला फेंक आदि इवेंट के ट्रैक को भी सिंथेटिक से तैयार किया जा रहा है। सिंथेटिक ट्रैक एक खास तरह की रबर को कुसिंग करके बनाया जा रहा है। रबर और अन्य सामान इस माह स्पोर्ट्स स्टेडियम में पहुंच चुका है। यह ट्रैक किसी भी मौसम में एथलीट को अपनी काबलियत दिखाने के लिए सक्षम होता है।