बार में तोड़फोड़ की जानकारी देता कर्मचारी।
- फोटो : अमर उजाला
जीआईसी के सामने बृहस्पतिवार शाम क्वींस बार में एक समुदाय के लोगों ने बिल न देते हुए स्टाफ के साथ मारपीट कर दी। बार के अंदर घुसकर तोड़फोड़ भी की। सूचना पर पुलिस मौके पर पहुंची और बिल दिलाकर मामला निपटाया। इसके बाद पुलिस भी चली गई। कुछ देर बाद दोबारा चार युवक आए और फिर से आकर बार में तोड़फोड़ कर दी। पुलिस ने मौके से एक स्कूटी जब्त की है।
बार की गई तोड़फोड़।
- फोटो : अमर उजाला
शीलकुंज के रहने वाले मुकेश गुप्ता और उनके बेटे प्रियांशु गुप्ता का जीआईसी के सामने क्वींस बार है। शाम करीब छह बजे पटेल नगर के रहने वाले आठ युवक पहुंचे और शराब व बीयर पी। इसके बाद स्टाफ ने साढ़े पांच हजार रुपये का बिल थमा दिया। युवकों ने बिल ज्यादा होने की बात कहकर देने से मना कर दिया। जिसके बाद स्टाफ के साथ गाली-गलौज और मारपीट कर दी।
स्टाफ ने इसकी जानकारी मुकेश गुप्ता और प्रियांशु गुप्ता को कॉल कर दी। जिसके बाद सदर बाजार पुलिस पहुंच गई। सदर बाजार पुलिस ने साढ़े पांच हजार रुपये का बिल दिलवाया और वहां से चली गई। इस दौरान आठों युवक भी चले गए।
आरोप है कि कुछ समय बाद स्कूटी पर सवार होकर चार युवक पहुंचे। उन्होंने बार में जाकर तोड़फोड़ की। मेज और बार का शीशे का गेट भी तोड़ दिया। गार्ड के साथ भी मारपीट की। जिसके बाद बाजार के लोगों ने घेराबंदी की तो सभी आरोपी एक स्कूटी छोड़कर भाग गए। पुलिस ने दोबारा मौके पर पहुंचकर स्कूटी जब्त कर ली। पूरी घटना बार में लगे सीसीटीवी में कैद हो गई।
एसपी सिटी विनायक गोपाल भोसले ने बताया कि पूरे मामले की जांच की जा रही है। जिसके आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी। शुरुआत में फायरिंग की सूचना मिली थी लेकिन मौके पर पुलिस ने जानकारी की तो फायरिंग की बात सामने नहीं आई।
ये भी देखें...
Bijnor: कॉकरोच जनता पार्टी के कार्यकर्ता ने दिखाई स्कूल की बदहाली, जागा शिक्षा विभाग; केजरीवाल ने कही ये बात