- बुलेट सवार युवकों ने कार पर बरसाए पत्थर, भाजपा नेता के भांजे समेत तीन घायल
संवाद न्यूज एजेंसी
मेरठ। परतापुर थाना क्षेत्र में दिल्ली-देहरादून बाईपास स्थित फेंटेसी वर्ल्ड वाटर पार्क के सामने बुधवार देर रात कार सवार द्वारा कुत्ते को बचाने का प्रयास करने पर बुलेट सवार छह युवकों ने उनका पीछा कर कार पर पत्थर बरसा दिए। आरोप है कि बुलेट सवार युवकों ने दो युवतियों के साथ अभद्रता की। हमले में तीन लोग घायल हो गए। पीड़ित युवक के भाजपा नेता और रिठानी व्यापार संघ महामंत्री आदित्य शर्मा उर्फ चीनू का भांजा होने की जानकारी पर पुलिस हरकत में आ गई और आरोपी युवकों का तलाश में भागदौड़ की। पुलिस प्राथमिकी दर्ज कर आरोपी युवकों की तलाश में जुटी है।
जानकारी के अनुसार, ग्रेटर नोएडा के न्यू गौर यमुना सिटी निवासी उत्कर्ष भारद्वाज पुत्र शैलेंद्र शर्मा अपने दोस्तों सृष्टि जोशी और पायल तिवारी के साथ उत्तराखंड से होकर वैगनआर कार से नोएडा से लौट रहे थे। जैसे ही उनकी कार देवव्रत होटल के पास पहुंची तो उन्होंने देखा कि एक युवक सड़क किनारे एक कुत्ते को बेरहमी से पीट रहा है। आरोप है कि इसी दौरान काले रंग की बुलेट बाइक पर सवार तीन युवक मौके पर पहुंचे और कार सवारों के साथ गाली-गलौज शुरू कर दी। विरोध करने पर आरोपियों ने उत्कर्ष भारद्वाज के साथ हाथापाई का प्रयास किया। माहौल बिगड़ता देख उत्कर्ष कार लेकर वहां से निकलने लगा, लेकिन आरोपी पीछा करते हुए परतापुर बाईपास तक पहुंच गए। बताया गया कि फेंटेसी वर्ल्ड वाटर पार्क के सामने आरोपियों ने कार को ओवरटेक कर रोक लिया और कार पर पत्थर बरसाने शुरू कर दिए। हमले में उत्कर्ष भारद्वाज के सिर पर गंभीर चोटें आईं। वहीं कार में मौजूद युवतियों के साथ भी आरोपियों ने अभद्रता की। युवतियों के शोर मचाने पर हाईवे से गुजर रहे राहगीरों ने गाड़ियां रोक दीं और मदद के लिए दौड़े
सूचना पर पहुंची पुलिस ने आरोपियों का पीछा किया और पकड़ने का प्रयास किया। जानकारी हुई कि पीड़ित कार चालक उत्कृर्ष भाजपा नेता और रिठानी व्यापार संघ के महामंत्री की भांजा है। इसके बाद पुलिस ने सभी का उपचार कराया और आरोपियों की तलाश शुरू कर दी। सीओ ब्रह्मपुरी सौम्या अस्थाना ने बताया कि मामले में प्राथमिकी दर्ज कर ली है। आरोपियों पर कार्रवाई की जाएगी।
-