बास्केटबाल मुकाबले में भिड़ते खिलाड़ी।
- फोटो : mrt
मेरठ। मेरठ पब्लिक स्कूल में चल रही 25वीं जूनियर स्टेट बास्केटबाल प्रतियोगिता में शुक्रवार को सुबह के सत्र में क्वार्टर फाइनल मैच खेले गए। इसमें पुरुष और महिला दोनों वर्ग में मेरठ की टीम ने सेमीफाइनल में जगह बनाई। मेरठ के खिलाड़ियों ने बेहतरीन प्रदर्शन किया। इसके बाद शाम को सेमीफाइनल मैच खेले गए। महिला वर्ग में आगरा और लखनऊ के बीच हुए मैच में आगरा ने 59-56 से जीत प्राप्त की। दूसरा सेमीफाइनल मेरठ और गोरखपुर के बीच हुआ। इसमें मेरठ ने 40-8 से जीत हासिल की।
सुबह के सत्र में शुक्रवार को कोर्ट नंबर एक में पहला मुकाबला महिला वर्ग में लखनऊ और वाराणसी के बीच खेला गया। इसमें लखनऊ की टीम ने वाराणसी को 54-51 से हराकर टूर्नामेंट में बढ़त बनाई। दूसरा मुकाबला महिला वर्ग में ही प्रयागराज और मेरठ के बीच खेला गया। इसमें मेरठ की टीम ने 53-41 से मैच जीता और सेमीफाइनल में जगह बनाई। तीसरा मैच पुरुष वर्ग में अलीगढ़ और मेरठ के बीच खेला गया। इसमें मेरठ की टीम ने 64-48 के स्कोर से मैच जीता और सेमीफाइनल में जगह बनाई।
चौथा मैच ट्रिपल टैक और वाराणसी के बीच हुआ। इसमें ट्रिपल टैक ने वाराणसी को 58-46 से हराकर टूर्नामेंट में बढ़त बनाई। इसके बाद कोर्ट नंबर दो पर पहला मुकाबला गाजियाबाद और आगरा के बीच महिला वर्ग में खेला गया। इसमें आगरा की टीम ने 55-47 का स्कोर कर मैच जीता। दूसरा मुकाबला मुरादाबाद और गोरखपुर के बीच पुरुष वर्ग में हुआ। इस मैच में गोरखपुर की टीम ने मुरादाबाद को 69-43 से हराकर जीत प्राप्त की। तीसरा मुकाबला गौतमबुद्धनगर और प्रयागराज के बीच में खेला गया। इसमें गौतमबुद्धनगर ने 55-31 से मुकाबला जीता। कोर्ट नंबर तीन पर पहला मुकाबला महिला वर्ग में गोरखपुर और गौतमबुद्धनगर के बीच हुृआ। इसमें गोरखपुर की टीम ने 74-56 का स्कोर का मैच जीता।