डिवाइडर पर सफाई करती मजदूर
- फोटो : अमर उजाला
परतापुर क्षेत्र की बरसों से खराब पड़ी सड्कें आज सुबह तक दुरुस्त हो गईं। सड़कों पर मौजूद गड्ढों को तो भरा ही गया साथ ही डिवाइडरों की मरम्मत भी की गई। यही नहीं क्षेत्र के सभी स्कूल और सरकारी अस्पताल भी चकाचक कर दिए गए।
भाजपा की दो दिवसीय इस बैठक में भाजपा के कई शीर्ष स्तरीय दिग्गज नेता और मंत्री शामिल होंगे। ऐसे में अफसर पूरी तरह चौकस हैं। सीएम योगी आदित्यनाथ सहित सभी दिग्गज नेता परतापुर हवाई पट्टी से सुभारती विवि में कार्यक्रम स्थल तक पहुंचेंगे। हाईवे स्थित एक होटल में उनका रात्रि विश्राम होगा, लिहाजा प्रशासन का इन्हीं क्षेत्रों पर ज्यादा फोकस रहा है।
परतापुर हवाई पट्टी से सुभारती यूनिवर्सिटी तक करीब पांच किमी एरिया की सड़क को शुक्रवार तक चकाचक करा दिया गया। सड़कों पर गड्ढे भरे गए तो हवाई पट्टी पर टाइल्स लगाई गईं। परतापुर हवाई पट्टी से सुभारती तक रास्ते पर लोकनिर्माण विभाग ने नए संकेतक बोर्ड भी लगा दिए। शुक्रवार दोपहर में डिवाइडरों पर पेंट भी कराया गया।
परतापुर और जानी क्षेत्र के स्कूलों में रंगाई पुताई और सफाई पर विशेष ध्यान दिया गया। बीएसए सतेंद्र कुमार अपनी टीम के साथ दिन भर स्कूलों में व्यवस्था देखते रहे। इसके अलावा क्षेत्र के सरकारी अस्पतालों में भी पर्याप्त दवाइयों की व्यवस्था की गई है। सीएमओ और सीडीओ ने भूड़बराल, पांचली खुर्द आदि कई स्कूलों का निरीक्षण कर दिशा निर्देश दिए।
पूरी यूनिफॉर्म में नजर आएंगे स्टूडेंट्स
विभागीय सूत्रों के अनुसार बेसिक शिक्षा विभाग के अधिकारियों ने निर्देश दिए हैं कि शनिवार को सभी शिक्षक समय पर स्कूल पहुंचे। छात्रों को भी यूनिफार्म में आने को कहा गया है। मिड डे मील को लेकर भी हिदायत दी गई है।