मवाना नहर के पास शुक्रवार देर रात पुलिस मुठभेड़ में मवाना निवासी शिवम दोनों पैर में गोली लगने से घायल हुआ है जबकि उसका साथी पुलिस को चकमा देकर भाग गया। आरोपी ने हस्तिनापुर थाना क्षेत्र में बिमला देवी (65) और हिस्ट्रीशीटर संतराम की हत्या की थी। आरोपी के कब्जे से विमला देवी से लूटा गया मोबाइल भी बरामद कर लिया गया है। इसके अलावा आरोपी ने बड़ौत में भी दो लूट की वारदात को अंजाम दिया है। आरोपी के सीरियल किलर होने की बात भी सामने आ रही है। पुलिस इसकी पड़ताल करने के साथ ही मौके से भागे आरोपी के साथी की तलाश और अन्य वारदात के संबंध में पूछताछ कर रही है।
एसपी देहात ने बताया कि 13 सितंबर की दोपहर को गणेशपुर निवासी बिमला देवी का लहूलुहान शव सड़क किनारे पड़ा मिला था। उसकी ईंट से सिर और चेहरा कूचकर हत्या की गई थी। मौके पर पहुंचे परिजनों और ग्रामीणों ने लूटपाट कर हत्या का आरोप लगाते हुए जमकर हंगामा किया था। इसके बाद पुलिस ने बेटे जॉनी की तहरीर पर अज्ञात आरोपी के खिलाफ हत्या व लूट की प्राथमिकी दर्ज कर जांच शुरू की थी। जॉनी का कहना था कि उनकी मां के पास कीपैड का मोबाइल फोन था। उनके कानों में सोने के कुंडल, गले में सोने के ओम का लॉकेट और पैरों में चांदी की पायल थी। जो लूट लिए गए थे।
लूटपाट के लिए की थी वारदात
आरोपी ने लूटपाट के लिए वारदात को अंजाम दिया था। पुलिस की जांच और मौका-ए-वारदात की ओर आने जाने वाले रास्ते के सीसीटीवी फुटेज की जांच में एक संदिग्ध युवक दिखाई दिया था। यह बुजुर्ग महिला के करीब चल रहा था और नंगे पैर था। इसके बाद से ही पुलिस आरोपी की पहचान व गिरफ्तारी के प्रयास में जुटी थी। बुधवार रात मवाना नहर के पास बाइक सवार दो संदिग्ध दिखाई दिए। पुलिस ने रोकने व घेराबंदी का प्रयास किया तो आरोपी ने पुलिस टीम पर फायरिंग कर दी थी। पुलिस की जवाबी कार्रवाई में आरोपी शिवम दोनों पैर में गोली लगने से घायल होकर गिर पड़ा। जबकि उसका साथी मौके से भाग गया। पुलिस ने घायल शिवम को अस्पताल में भर्ती कराया है।