सिविल लाइन थाना क्षेत्र के मोहनपुरी में घर के प्रथम तल पर लगे एसी में शॉर्ट सर्किट के बाद ब्लास्ट हो गया। इसके बाद कमरे में आग लग गई। सोफा, बेड और पर्दे पूरी तरह से जल गए। सूचना पर दमकल की टीम पहुंची और आग पर काबू पाया। इस दौरान घर में अफरातफरी मच गई। महिलाओं ने दूसरे घर में जाकर अपनी जान बचाई। आग से लाखों रुपये का नुकसान बताया जा रहा है। वहीं, दूसरी ओर सिविल लाइन पुलिस भी पहुंची और यहां घर के बाहर खड़े लोगों को दौड़ा दिया।
मोहनपुरी में निशांत पुंडीर अपने परिवार के साथ प्रथम तल पर रहते हैं। बृहस्पतिवार सुबह दस बजे उनके कमरे का एसी चल रहा था। अचानक शार्ट सर्किट हुआ और ब्लास्ट हो गया। इससे अफरातफरी मच गई। इसके बाद आग लग गई। उन्होंने दमकल को फोन कर मामले की जानकारी दी। फायर स्टेशन आफिसर आरके सिंह दो गाड़ियों के साथ पहुंचे। एक घंटे की मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया गया। आग से पर्दे, सोफा और बेड जल गया। सीएफओ मनु शर्मा ने बताया कि आग पर काबू पा लिया गया है। एसी में पहले शार्ट सर्किट हुआ। इसके बाद ब्लास्ट होने से आग लग गई।
लगातार एसी न चलाएं, थोड़ी-थोड़ी देर में करते रहें बंद
सीएफओ मनु शर्मा ने बताया कि गर्मियों में आग की घटनाएं बढ़ जाती हैं। रोकथाम के लिए कुछ कदम लोगों को खुद उठाने पड़ेंगे। जब भी एसी चलाएं तो एक घंटा चलाने के बाद आधा घंटा बंद कर दें। इससे एसी ठंडा हो जाएगा और ऐसी घटना से बचा जा सकता है। एसी और अन्य इलेक्ट्रानिक्स सामान की भी समय-समय पर सर्विस भी कराते रहना चाहिए।
इन बातों का भी रखें ध्यान
- एसी की नियमित सर्विसिंग करवाएं। इससे धूल और गंदगी हटाई जा सकती है और वायरिंग की जांच की जा सकती है।
- एसी को पावर देने के लिए उच्च गुणवत्ता वाले वायर, प्लग और एक्सटेंशन बोर्ड का उपयोग करें।
- अगर आपके क्षेत्र में वोल्टेज फ्लक्चुएशन होता है, तो स्टेबलाइजर का उपयोग करें
- एसी के बाहर की यूनिट के आसपास उचित वेंटिलेशन सुनिश्चित करें
- एसी के आसपास कोई भी ज्वलनशील वस्तु न रखें
- एसी को लगातार न चलाएं। बीच-बीच में कुछ समय के लिए बंद कर दें
- एक्सटेंशन कॉर्ड का उपयोग न करें, क्योंकि यह ओवरलोड होकर आग लगा सकता है
- घर में धुआं डिटेक्टर लगवाएं ताकि आग लगने की स्थिति में आपको पता चल सके
- एसी बंद करने पर एमसीबी को भी बंद करें।