आबूलेन अब ‘नो पार्किंग जोन’ बन गया है। मंगलवार से कोई भी आबूलेन पर वाहन पार्क नहीं कर सकेगा। अगर आबूलेन पर सेंट्रल या साइड पार्किंग की तो सख्ती से चालान काटा जाएगा। यहां आने वालों को कैंट बोर्ड द्वारा बनाए गए पार्किंग स्थलों पर ही वाहन पार्क करने होंगे। सोमवार देर रात से कैंट बोर्ड ने आबूलेन पर डिवाइडर लगाने का कार्य भी शुरू कर दिया।
विगत जून माह में आबूलेन की सेंट्रल पार्किंग खत्म करते हुए साइड पार्किंग शुरू हुई थी। 17 सितंबर को कैंट बोर्ड बैठक में तय हुआ था कि 13 अक्तूबर तक बंगला नंबर 173 और आबूलेन समेत अन्य पार्किंग स्थलों पर वाहन खड़े करने की व्यवस्था सुचारु करते हुए पहले नवरात्र से आबूलेन पर साइड पार्किंग खत्म होगी।
कैंट बोर्ड का दावा है कि पार्किंग स्थल तैयार हो चुके हैं। जहां निशुल्क पार्किंग होगी। मंगलवार को कैंट बोर्ड के 40 कर्मचारी पार्किंग स्थलों पर तैनात रहेंगे। जबकि ट्रैफिक पुलिस आबूलेन पर वाहन खड़े करने वालों के चालान काटेगी।
सोलर लाइटों से चमकेगा आबूलेन
ये डिवाइडर अस्थायी और मजबूत हैं। डिवाइडर में ही सोलर लाइट के लिए खंभे और गमले लगेंगे। आबू प्लाजा पर चलने वाला फाउंटेन आबूलेन की शोभा बढ़ाएगा।
आबूलेन के सौंदर्यीकरण प्लान पर काम चल रहा है। आबूलेन माल रोड की तर्ज पर विकसित होगा। ताकि लोग यहां आसानी से पैदल घूमने का मजा ले सके। - अनुज सिंह, अधिशासी अभियंता, कैंट बोर्ड
मंगलवार से आबूलेन को पूरी तरह नो पार्किंग जोन कर दिया जाएगा। यहां वाहन खड़ा करने पर चालान काटा जाएगा।
- एमए जफर, प्रवक्ता, कैंट बोर्ड
ऐसे चमकेगा आबूलेन :
- 20 आधुनिक सोलर लाइट लगेंगी
- 20 आधुनिक फोक्स टेल पाम लगेंगे
- आबू प्लाजा के पास फाउंटेन बनेगा
- स्पीड ब्रेकर बनाए जाएंगे
यहां करें वाहन पार्क
- काठ का पुल आबूनाला
- योगेंद्र हाट से काठ का पुल तक
- काठ का पुल से वोल्गा रेेस्टोरेंट तक
- बंगला नंबर 173