मटौर गांव के सामने हाईवे पार करने के दौरान मटौर गांव निवासी सहदेव चौहान (55) की गर्दन में चाइनीज मांझा लिपट गया। गर्दन कटने से वह गंभीर रूप से घायल हो गए। परिजनों ने घायल को मोदीपुरम स्थित निजी अस्पताल में भर्ती कराया। जहां आपरेशन कर 32 टांके लगाए गए।
चाइनीज मांझे पर प्रतिबंध होने के बाद भी शहर से लेकर देहात तक बिक्री की जा रही है। यह मांझा पक्षियों के साथ साथ जनमानस के लिए जानलेवा साबित होता जा रहा है। शनिवार को मेरठ में एक दरोगा घायल हुए और शनिवार देर शाम को ही मटौर निवासी सहदेव मांझे की चपेट में आ गए।
परिजनों के मुताबिक सहदेव कहीं जाने के लिए गांव के बाहर आकर हाईवे पार कर रहे थे। इसी दौरान एक ट्रक आया, जिसमें चाइनीज मांझा लिपटा हुआ था। हवा से मांझा सहदेव की गर्दन में लिपट गया और गर्दन कट गई। सहदेव लहूलुहान हालत में हाईवे पर गिर पड़े। ग्रामीण मौके पर दौड़े और उनके परिजनों को सूचना दी।
मौके पर पहुंचे परिजनों ने सहदेव को मोदीपुरम स्थित निजी अस्पताल में भर्ती कराया। चिकित्सकों ने सहदेव का ऑपरेशन किया। बेटे अतुल ने बताया कि चिकित्सकों ने 32 टांके लगाए हैं। सीओ दौराला प्रकाश चंद्र अग्रवाल का कहना है कि अभी कोई शिकायती पत्र प्राप्त नहीं हुआ है।