ताकत दिखाने में जुटे सियासी दिग्गज
ताकत दिखाने के लिए एक तरफ जहां कार्यकर्ता चुनाव प्रचार के आखिरी दिन जोर शोर से प्रचार में जुटे हैं। वहीं दिग्गज नेता भी क्षेत्र में डेरा डालने पहुंच रहे हैं। आसपा सांसद चंद्रशेखर भी आज मीरापुर में रोड शो निकालेंगे। एआईएमआईएम प्रमुख असदुद्दीन ओवैसी की जनसभा ककरौली में की जा रही है।
जनसभा को संबोधित करने पहुंचे एआईएमआईएम प्रमुख असदुद्दीन ओवैसी मंच से जमकर गरजे। उन्होंने सपा मुखिया अखिलेश यादव पर खूब निशाना साधा तो वहीं कटेंगे तो बटेंगे वाले बयान को लेकर भी बात की।
एआईएमआईएम प्रमुख असदुद्दीन ओवैसी ने मीरापुर के ककराैली में कहा कि क्या मुख्यमंत्री झांसी में बच्चों की जान बचाने वाले याकूब के सामने बंटोगे तो कटोगे कह सकेंगे। भाजपा जहर फैलाने का काम कर रही है। महंगाई आसमान को छू रही है और मुख्यमंत्री बंटोगे तो कटोगे की बात कह रहे हैं। बीजेपी और सपा एक सिक्के के दो पहलू है।
छह जोन और 33 सेक्टर में बांटा विधानसभा क्षेत्र
मीरापुर विधानसभा के उपचुनाव के लिए पुलिस-प्रशासन ने तैयारियां तेज करा दी है। विधानसभा को छह जोन और 33 सेक्टर में बांटा गया है। आरएएफ ने क्षेत्र में डेरा जमा लिया है। बिजनौर और मेरठ जनपद की सीमा पर चौकसी बढ़ा दी गई है। उपचुनाव में तीन लाख 24 हजार 571 मतदाता अपने मताधिकार का प्रयोग करेंगे। इसके लिए प्रशासन ने 151 मतदान केंद्र और 328 मतदेय स्थल बनाए गए हैं।
विधानसभा को छह जोन में बांटकर सुरक्षा व्यवस्था की जिम्मेदारी अधिकारियों को सौंप दी गई है। 20 नवंबर को मतदान के बाद ईवीएम को शहर के कूकड़ा रोड स्थित स्ट्रांग रूम में रखवाया जाएगा।
सीसीटीवी कैमरे लगवाने की व्यवस्था की गई है। एडीएम प्रशासन नरेंद्र बहादुर सिंह ने बताया कि कर्मचारियों को 19 नवंबर तक सभी व्यवस्थाएं पूरी करने के निर्देश दिए गए हैं। 20 से 23 नवंबर तक कूकड़ा मंडी में कड़ी सुरक्षा व्यवस्था रहेगी। यहीं पर 23 नवंबर को उपचुनाव की मतगणना कराई जानी है। इसके लिए व्यवस्थाएं बनाई जा रही है।