मेडिकल स्टोर संचालक पर हमला कर नकदी लूटी
मवाना। मीवा-दरियापुर मार्ग से बृहस्पतिवार शाम अपने गांव लौट रहे मेडिकल स्टोर संचालक पर बदमाशों ने डंडे से हमलाकर 10 हजार रुपये लूट लिए। पुलिस ने जानलेवा हमले की धारा में मुकदमा दर्ज किया है।
गांव पलड़ा निवासी मेडिकल स्टोर संचालक राजू से गांव मीवा से गांव लौटते समय बीती रात चार बदमाशों ने डंडे से प्रहार कर 10 हजार रुपये लूटकर फरार हो गए। पुलिस ने मामला मारपीट की धाराओं में दर्ज किया है।
गांव पलड़ा निवासी राजू पुत्र नैन सिंह ने बताया कि उसका गांव मीवा में मेडिकल स्टोर है। प्रतिदिन वह गांव पलड़ा से मीवा आना-जाना करता है। बृहस्पतिवार रात करीब सात बजे वह मेडिकल स्टोर बंद कर बाइक से गांव पलड़ा लौट रहा था।
जब वह मीवा-दरियापुर मार्ग पर पहुंचा तो रास्ते में खडे़ चार बदमाशों ने उस पर डंडे से प्रहार किया। बाइक का संतुलन बिगड़ने से वह वह गिर पड़ा। इसके बाद भी बदमाशों ने उस पर डंडे से प्रहार जारी रखा। बदमाश उससे 10 हजार रुपये लूटकर फरार हो गए। पीड़ित थाने पहुंचा। पुलिस ने उसे सीएचसी भेज दिया। पीड़ित ने अज्ञात के खिलाफ तहरीर दी है। थाना प्रभारी का कहना है कि पीड़ित ने उन्हें लूट की बात नहीं बताई है। केवल मारपीट की बताई थी। जानलेवा हमले में तीन-चार अज्ञात के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज की गई है।