मेरठ। एलएलआरएम मेडिकल कॉलेज की सुरक्षा व्यवस्था कमजोर है। पुलिस और प्रशासन इसे लेकर अब सुध ली है, जब दो गंभीर घटनाएं हो गई हैं। शनिवार दोपहर एडीएम सिटी और एसपी सिटी मेडिकल कॉलेज पहुंचे। परिसर और वार्डों का निरीक्षण किया। उन्होंने पाया कि यहां वार्डों में एक तरफ ही सीसीटीवी कैमरे लगे हैं। सिक्योरिटी गार्ड भी जरूरत से कम हैं। लिहाजा उन्होंने वार्डों में 200 सीसीटीवी कैमरे और लगवाने की हिदायत दी है। साथ ही 250 सिक्टोरिटी गार्ड बढ़ाने के लिए कहा है।
मां का इलाज कराने आई युवती का वार्ड नंबर 11 के बाथरूम में नहाते समय रोशनदान से अश्लील वीडियो बनाया गया। यह घटना पत्नी का उपचार कराने आए तीमारदार ने की थी। वह युवती को ब्लैकमेल कर शारिरिक संबंध बनाने का दबाव बना रहा था। पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है। इससे पहले आर्थोपेडिक विभाग के शौचालय में इलाज कराने आए किशोरी से दुष्कर्म किया गया था। एक माह के भीतर इन दो घटनाओं से मेडिकल की सुरक्षा व्यवस्था पर सवाल उठे हैं। इसी के मद्देनजर शनिवार को एडीएम सिटी बृजेश सिंह और एसपी सिटी आयुष विक्रम सिंह ने मेडिकल कॉलेज परिसर और वार्डों का निरीक्षण किया। वहां क्या जो खामियां मिलीं उन्हें दूर करने के लिए कहा। सबसे बड़ी कमी सुरक्षा व्यवस्था की निकली, जिनमें सीसीटीवी कैमरों और सुरक्षा गार्डों की कमी प्रमुख है।
-
अभी तक यह है व्यवस्था
मेडिकल कॉलेज परिसर और वार्डों समेत फिलहाल 468 सीसीटीवी कैमरे लगे हैं, जबकि यहां 100 सिक्टोरिटी गार्ड हैं। मेडिकल कॉलेज में 750 बेड हैं, जो अक्सर भरे रहते हैं। एक मरीज के पास एक से दो तीमारदार रहते हैं। 4000 से 4500 की रोज ओपीडी होती है। इमरजेंसी में एक पुलिस चौकी है, जिस पर दो सिपाहियों की ड्यूटी है।
तीमारदार बोले, घटना होने पर क्यों जागते हैं
निरीक्षण के दौरान वार्डों में भर्ती मरीजों के तीमारदार कह रहे थे कि पुलिस प्रशासन और मेडिकल कॉलेज प्रबंधन तब ही क्यों जागता है, जब कोई घटना हो जाती है। इससे पहले सुरक्षा व्यवस्था पुख्ता क्यों नहीं करते हैं।
कभी बच्चा चोरी हुआ तो कभी अश्लील वीडियो हुआ वायरल
मेडिकल कॉलेज में करीब एक साल पहले बच्चा चोरी किया गया था और इसके अलावा युवक-युवती का अश्लील वीडियो वायरल हुआ था। उन घटनाओं से भी कोई सबक नहीं लिया गया। नतीजतन, घटनाएं हो रही हैं।
-
एडीएम सिटी और एसपी सिटी ने निरीक्षण कर कुछ सुझाव दिए हैं। सुरक्षा व्यवस्था के लिए सीसीटीवी कैमरे और सिक्योरिटी गार्ड बढ़ाने के लिए कहा है। जल्द ही इस पर अमल किया जाएगा।
- डॉ. आरसी गुप्ता, प्राचार्य, एलएलआरएम मेडिकल कॉलेज
- डॉ. आरसी गुप्ता, प्राचार्य, एलएलआरएम मेडिकल कॉलेज