ई-संजीवनी ओपीडी एप से घर बैठे लें डॉक्टर की सलाह
मेरठ। अस्पताल की भीड़ से बचना चाहते हैं, तो ई-संजीवनी ओपीडी एप का इस्तेमाल करें और घर बैठे डॉक्टर से सलाह लेकर उपचार कराएं। एप पर आपको विशेषज्ञ डॉक्टर की सलाह मिलेगी। इसमें आप वीडियो कालिंग के माध्यम से चिकित्सक से रूबरू हो सकते हैं या फिर मेसेज के जरिये भी बात कर सकते हैं।
शनिवार को पीएल शर्मा जिला चिकित्सालय में ई-संजीवनी ओपीडी नि:शुल्क सेवा की शुुरुआत की गई। सांसद राजेंद्र अग्रवाल में इसका उद्घाटन किया। रोज चार अलग-अलग डॉक्टर रहेंगे, जो सुबह 9 से शाम चार बजे तक आनलाइन सेवा के लिए उपलब्ध रहेेंगे। पहले प्रदेश स्तर पर शुरू की गई ई-संजीवनी सेवा में किसी भी जिले के चिकित्सक को कॉल ट्रांसफर कर दी जाती थी, लेकिन अब ये मेरठ मंडल का केंद्र बना है। सीएमओ डॉ. अखिलेश मोहन ने बताया कि मंडल के जिलों मेरठ के अलावा गाजियाबाद, बुलंदशहर, हापुड़, गौतमबुद्धनगर और बागपत को ही शामिल किया जाएगा। ई-संजीवनी कक्ष में चार कंप्यूटर लगे हैं, जिसे नेट से जोड़ा गया है। जिला अस्पताल की प्रमुख अधीक्षक डॉ. मीनाक्षी विज, मुख्य चिकित्सा अधिकारी और जिला अस्पताल के चिकित्सा अधीक्षक डॉ. कौशलेंद्र सिंह मौजूद रहे।
मोबाइल नहीं है तो सीएचओ करेंगे मदद
आपके पास एंड्रॉइड मोबाइल है तो ई-संजीवनी ओपीडी एप और पोर्टल के जरिये सलाह ले सकते हैं, पर जिसके पास मोबाइल नहीं है, वो जिले के हेल्थ एंड वेलनेस सेंटर पर कम्यूनिटी हेल्थ आफिसर (सीएचओ) से जाकर मिलें। वे अपने टैब या मोबाइल से ई-संजीवनी एप के जरिये डाक्टर से मरीज का संपर्क कराएंगे। जिले में 97 स्थानों पर हेल्थ एंड वेलनेस सेंटर खुले हैं।
यह है प्रक्रिया...
सबसे पहले ई संजीवनी ओपीडी एप डाउनलोड करें
फिर इसे खोलकर पेशेंट रजिस्ट्रेशन पर जाएंगे
मोबाइल नंबर डालेंगे, फिर ओपीडी खुलेगा
अपना नाम, पता, उम्र, संबंधित रोग के डॉक्टर आदि की विवरण भरना होगा
आपको टोकन नंबर मिलेगा
फिर पेशेंट को लॉगइन में अपना मोबाइल नंबर और टोकन नंबर डालना होगा
आपका नंबर आने पर सीधे वीडियो कालिंग से डॉक्टर से जोड़ा जाएगा
डॉक्टर से वीडियो के जरिये आप अपने रोग की जानकारी देंगे
डॉक्टर दवा भी मेसेज के जरिये लिखकर देंगे
----
मुख्यमंत्री आरोग्य मेले में अब कर सकेंगे रक्तदान
मेरठ। हर रविवार को स्वास्थ्य केंद्रों पर लगने वाले मुख्यमंत्री आरोग्य मेले में अब रक्तदान भी किया जा सकेगा। इस बार कंकरखेड़ा, कैंट और प्रभात नगर स्वास्थ्य केंद्र पर रक्तदान शिविर भी लगाए जाएंगे। इसके बाद से हर स्वास्थ्य मेले में जिले में एक स्थान पर रक्तदान शिविर लगाया जाया करेगा।
57 स्वास्थ्य केंद्रों (प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र और अर्बन हेल्थ सेंटर) पर मुख्यमंत्री आरोग्य मेला लगाया जाता है। इसमें ओपीडी के अलावा टीबी, मलेरिया, कोरोना की जांच और आयुष्मान योजना के गोल्डन कार्ड भी किए वितरित जाते हैं। इनके अलावा कुपोषित बच्चों का भी चिन्हीकरण किया जाता है। आरोग्य मेला का आयोजन शहर से लेकर देहात तक 10 जनवरी से प्रत्येक रविवार को पीएचसी व सीएचसी पर किया जा रहा है। सुबह 10 से शाम चार बजे तक मेला लगाया जाता है।