- बीमारी से मरी भैंस को काटकर बेचने की थी तैयारी
संवाद न्यूज एजेंसी
मुंडाली (मेरठ)। मुंडाली थाना क्षेत्र में मांस बेचने जा रहे चार लोगों को गिरफ्तार किया गया है। पुलिस ने राजपूत चौक मुंडाली के पास से आरोपियों को पकड़ा। उनके कब्जे से कई क्विंटल मांस और पशु अवशेष बरामद हुए हैं।
पुलिस पूछताछ में सामने आया कि आरोपियों ने खरखौदा से एक मृत भैंस ली थी। उन्होंने गांव भटीपुरा स्थित पशु मृतघर पर उसकी खाल व अन्य अवशेष हटाए। आरोपी भैंस की मौत की सूचना संबंधित ठेकेदार को दिए बिना ही इसके बाद मांस को टुकड़ों में काटकर मिनी ट्रक से बिक्री के लिए ले जा रहे थे। इसी दौरान गोरक्षक दल ने मुंडाली थाना पुलिस को सूचना दी। सूचना पर पुलिस ने राजपूत चौक मुंडाली के पास मिनी ट्रक को रोक लिया। तसलीम, सौरभ, धर्मेंद्र और कुलदीप निवासी गांव कबट्टा जिला हापुड़ को मौके से गिरफ्तार किया गया।
सीओ किठौर विश्व ज्योति राय ने बताया कि पशु क्रूरता और संबंधित धाराओं में प्राथमिकी दर्ज की गई है। पुलिस ने बरामद मांस कब्जे में लेकर पशु चिकित्साधिकारी को मौके पर बुलाया औ नमूने जांच के लिए भिजवाया। मांस की जांच रिपोर्ट आने के बाद आगे की कार्रवाई की जाएगी।