मेरठ। गढ़ रोड स्थित हनी क्रिकेट मैदान में शनिवार को सीजीएचएस फ्रंटलाइन वॉरियर और मऊखास वॉरियर की टीम के बीच मैच खेला गया। इसमें मऊखास वॉरियर की टीम ने 4 विकेट से जीत प्राप्त की।
सीजीएचएस फ्रंटलाइन वॉरियर की टीम ने टॉस जीतकर पहले बल्लेबाजी करते हुए 24.2 ओवर में 10 विकेट के नुकसान पर 170 रन बनाए। इसमें रमोला ने 80 और राजीव ने 20 रन की शानदार पारी खेली। गेंदबाजी में राहुल और गुलजार ने दो-दो, दीपक सिद्धू ने तीन विकेट लिए। लक्ष्य का पीछा करने उतरी मऊखास वॉरियर की टीम ने 21.4 ओवर में 6 विकेट के नुकसान पर 171 रन बनाए। इ समें आजाद मलिक ने 67, दीपक सिद्धू ने 37 रन की पारी खेली। टीम ने 4 विकेट से शानदार जीत प्राप्त की। गेंदबाजी में विकास कुमार ने तीन, सचिन यादव ने दो और अभिषेक ने एक विकेट लिया। मैन ऑफ द मैच दीपक सिद्धू को चुना गया। इस मौके पर रविंद्र, हनी, मुनीष, राजीव आदि मौजूद रहे।