संवाद न्यूज एजेंसी
दौराला। मटौर-दौराला मार्ग पर स्थित प्राचीन झारखंडेश्वर महादेव मंदिर में रविवार को ठेकेदार वीरेंद्र चौहान ने अपने खर्च पर चार निर्धन कन्याओं का सामूहिक विवाह कराकर सामाजिक सरोकार की मिसाल पेश की। लोगों ने वर-वधुओं को आशीर्वाद दिया।
वीरेंद्र चौहान पिछले कई वर्षों से जरूरतमंद परिवारों की बेटियों की शादी कराते आ रहे हैं। अब तक करीब 150 कन्याओं का कन्यादान कर चुके हैं। रविवार को आयोजित कार्यक्रम में पंडित संदीप शास्त्री और विवेक शर्मा ने वैदिक मंत्रोच्चार के साथ सभी विवाह संपन्न कराए। सामूहिक विवाह में रसूलपुर भोला निवासी कम्मो का विवाह जमालपुर गोमा निवासी रोहन के साथ, इंचौली निवासी काकुल का विवाह सरधना निवासी ऋषभ के साथ, गाजीपुर निवासी संगीता का विवाह अलीपुर सरधना निवासी पुनीत कुमार के साथ तथा मुजफ्फरनगर निवासी लक्ष्मी का विवाह गांव कूकड़ा निवासी अजय कुमार के साथ हिंदू रीति-रिवाज से कराया गया। इस दौरान वीरेंद्र चौहान ने सभी कन्याओं का कन्यादान करने के साथ ही उन्हें घरेलू उपयोग का सामान भी भेंट किया। कार्यक्रम में मौजूद लोगों ने इस पहल की सराहना करते हुए इसे समाज के लिए प्रेरणादायक बताया।
इस मौके पर रामकिशन, साहब सिंह, ओमपाल चौहान, सुरेंद्र चौहान, राकेश, अंकित कश्यप, अतुल चौहान, पंडित गोविंद शर्मा, सुनीता चौहान, नितिन चौहान, प्रशांत चौहान, जयनंद आदि मौजूद रहे।