संवाद न्यूज एजेंसी
सरधना। थाना क्षेत्र के गांव पोहल्ली में दहेज में कार की मांग पूरी न होने पर 15 दिन पहले पुत्र को जन्म देने वाली विवाहिता की पीट पीटकर हत्या का मामला सामने आया है। मायके पक्ष ने पति समेत चार ससुरालियों पर दहेज हत्या का आरोप लगाते हुए प्राथमिकी दर्ज कराई है। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजकर आरोपियों की तलाश शुरू कर दी है।
रोहटा थाना क्षेत्र के गांव चिंदौड़ी खास निवासी नवदीप ने सरधना थाने पर दी तहरीर में बताया कि उसकी बहन प्रीति की शादी चार वर्ष पहले पोहल्ली निवासी महिपाल के बेटे अनिरुद्ध के साथ हुई थी। आरोप है कि विवाह के बाद से ही पति और ससुराल पक्ष के लोग अतिरिक्त दहेज की मांग को लेकर उसका उत्पीड़न करते थे। करीब एक वर्ष पहले प्रीति को उसकी बेटी के साथ घर से निकाल दिया गया था। बाद में समाज के लोगों के हस्तक्षेप के बाद उसे दोबारा ससुराल भेजा गया।
परिजनों का आरोप है कि 15 दिन पहले प्रीति ने पुत्र को जन्म दिया था। इसके बाद ससुराल पक्ष ने दहेज में कार की मांग तेज कर दी। मंगलवार रात मांग पूरी न होने पर पति और अन्य ससुरालियों ने उसके साथ मारपीट की, जिससे उसकी मौत हो गई। सूचना पर पहुंची पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।
मृतका के भाई की तहरीर पर पति अनिरुद्ध, देवर धीरज, सास और ससुर महिपाल के खिलाफ दहेज हत्या समेत संबंधित धाराओं में प्राथमिकी दर्ज कर ली गई है। आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए पुलिस टीम गठित कर दी गई है और मामले की सभी पहलुओं से जांच की जा रही है। घटना के बाद मृतका के परिजनों ने सोशल मीडिया पर वीडियो जारी कर मुख्यमंत्री से न्याय दिलाने और आरोपियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग की है।
सीओ आशुतोष कुमार का कहना है कि घटना की गंभीरता से जांच की जा रही है। पीड़ित पक्ष की तहरीर पर प्राथमिकी दर्ज कर ली गई है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद मौत का कारण स्पष्ट होगा।