संवाद न्यूज एजेंसी
दौराला। दहेज उत्पीड़न और मारपीट के आरोप में विवाहिता ने पति समेत ससुराल पक्ष के पांच लोगों के खिलाफ दौराला थाने में प्राथमिकी दर्ज कराई है। पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है।
जैनपुर गांव निवासी निशा ने दौराला थाने पर दर्ज कराई प्राथमिकी में बताया कि उसका विवाह 9 जुलाई 2024 को जनपद हापुड़ के थाना सिंभावली के सालारपुर निवासी मोहित कुमार से हुआ था। आरोप है कि शादी में करीब 20 लाख रुपये खर्च किए गए, इसके बावजूद पति मोहित कुमार, ससुर यशपाल, सास संगीता, ननद स्वाति और नन्दोई अभिषेक द्वारा कम दहेज लाने का ताना देकर उसका उत्पीड़न किया गया।
आरोप है कि पति का किसी अन्य महिला से प्रेम संबंध है और वह उसे दिल्ली में रखता है। 24 जुलाई 2025, 19 फरवरी 2026 और तीन अगस्त 2026 को भी उसके साथ मारपीट की गई। साथ ही जान से मारने का प्रयास किया। उसने किसी तरह वहां से निकलकर परिजनों को सूचना दी। परिजन उसे लेकर थाने पहुंचे और बाद में मायके आ गई। पीड़िता ने कार्रवाई की मांग की।
सीओ दौराला शिव ठाकुर ने बताया कि दौराला पुलिस ने पति मोहित, सास संगीता, ससुर यशपाल, ननद स्वाति और नन्दोई अभिषेक के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।