खरखौदा के गांव कैली में फायरिंग के मामले में पुलिस का विरोध करते ग्रामीण।
- फोटो : KITHOR
खरखौदा। कैली और गांव कूड़ी निवासी युवकों में वर्चस्व को लेकर रंजिश चली आ रही है। मंगलवार को फिर से कैली बस स्टैंड पर दोनों गांवों के युवकों में मारपीट हो गई। कूड़ी गांव के युवकों ने जमकर फायरिंग की। इससे वहां अफरा तफरी मच गई। ग्रामीणों का कहना है कि दोनों पक्षों पर पहले भी मुकदमे दर्ज हो चुके हैं, लेकिन पुलिस कार्रवाई नहीं करती। पुलिस की लचर कार्रवाई से लोगों में रोष है। पुलिस ने चार लोगों के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज की है।
गांव कैली निवासी ग्रामीणों के अनुसार करीब एक साल पहले गांव कूड़ी निवासी कुछ युवकों ने कैली बस स्टैंड पर शराब के नशे में जमकर हंगामा किया था। विरोध पर युवकों ने साथियों के साथ कई लोगों को पीटा था। यही से दोनों पक्षों में तनातनी शुरू हो गई। कुछ समय बाद कैली के युवकों ने आरोपी युवकों से मारपीट की थी। इस मामले में कैली के युवकों पर लूट व कई अन्य गंभीर धाराओं में रिपोर्ट दर्ज हुई थी। इसके बाद भी दोनों पक्षों में कई बार मारपीट हो चुकी है। ग्रामीणों के अनुसार मंगलवार को गांव कूड़ी निवासी एक व्यक्ति अपने बेटे व अन्य कई साथियों के साथ कैली बस स्टैंड पर दुकान से खाद लेने आया था। वहां खडे़ कुछ युवकों को देखकर कूड़ी के युवकों ने हवाई फायरिंग कर दी। बाद में आरोपी युवकों को जान से मारने की धमकी देकर भाग गए। सूचना के काफी देर बाद पुलिस के पहुंचने पर ग्रामीणों ने रोष जताया। उन्होंने कहा कि पुलिस ने दोनों पक्षों पर पहले भी कार्रवाई नहीं की थी। ग्रामीणों ने इस मामले में कूड़ी निवासी रणपाल, पुनीत, प्रीत व झग्गड़ के खिलाफ जानलेवा हमले सहित कई धाराओं में मामला दर्ज कराया। वहीं इस संबंध में इंस्पेक्टर मनीष बिष्ट का कहना है कि आरोपियों की तलाश में दबिश दी गई, लेकिन वे फरार मिले। जल्द ही आरोपियों को गिरफ्तार किया जाएगा।