मेरठ के सरधना थाना क्षेत्र में गंगनहर पटरी कांवड़ मार्ग पर मंगलवार सुबह अटेरना पुल के निकट दो कारों की जोरदार भिड़ंत हो गई। दुर्घटना इतनी भीषण थी कि कार के परखच्चे उड़ गए। दुर्घटना में महिला समेत पांच लोग घायल हो गए। पुलिस ने घायलों को सीएचसी में भर्ती कराया।
गुरुग्राम निवासी प्रकाश पुत्र बनवारी अपने परिवार के साथ मंगलवार सुबह कार में सवार होकर मुजफ्फरनगर स्थित रिश्तेदारी से वापस आ रहा था। गंगनहर पटरी मार्ग पर अटेरना पुल के निकट सामने से तेज गति से आ रही कार ने उनकी गाड़ी में जोरदार टक्कर मार दी। भिड़ंत इतनी भीषण थी कि दोनों कार बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गई। दुर्घटना में प्रकाश, उदयवीर, पूर्णिमा, भावना व गौरी घायल हो गए।
वहीं दूसरी कार सवार भी मामूली रूप से घायल हो गए। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंच गई। पुलिस ने घायलों को सीएचसी में भर्ती कराया। हादसे के कारण मार्ग पर जाम की स्थिति बन गई। पुलिस ने वाहनों को हटवाकर आवागमन सुचारु कराया। प्रकाश पक्ष ने कोतवाली में तहरीर दी है। थानाध्यक्ष उपेंद्र मलिक का कहना है कि मामले में कार्रवाई की जा रही है।
नोट- इन खबरों के बारे आपकी क्या राय हैं। हमें फेसबुक पर कमेंट बॉक्स में लिखकर बताएं।
शहर से लेकर देश तक की ताजा खबरें व वीडियो देखने लिए हमारे इस फेसबुक पेज को लाइक करें
https://www.facebook.com/AuNewsMeerut/