मेरठ के सरधना क्षेत्र की सब्जी मंडी में गुरुवार सुबह उस समय अफरा-तफरी मच गई, जब मंडी सहायक ने मंडी परिसर में लगे कांटे पर तैनात लिपिक के साथ मारपीट शुरू कर दी। वहीं मंडी के कर्मचारी मौके पर पहुंचे और बमुश्किल दोनों के बीच मामला शांत कराया।
मंडी समिति सहायक सचिन ने गौरव के साथ मारपीट की। इस मामले को लेकर कर्मचारी थाने पहुंचे और मंडी सहायक के खिलाफ कार्रवाई की मांग की है। इसके बाद कर्मचारी एसडीएम अमित कुमार भारतीय से मिले। उन्होंने मंडी सहायक पर पूर्व में भी कुछ व्यापारियों के साथ अभद्रता का आरोप लगाया है। इस मामले में मंडी सचिव रमेश राणा का कहना है कि मंडी सहायक का व्यवहार ठीक नहीं है। इस मामले में उच्चाधिकारियों को बताया गया है। वहीं एसडीएम अमित कुमार भारतीय ने मामले की जांच कराकर कार्रवाई का आश्वासन दिया है।