संवाद न्यूज एजेंसी
सरूरपुर। थाना क्षेत्र के एक कस्बा निवासी युवक ने अपनी पत्नी पर प्रेमी के साथ मिलकर उसकी हत्या कराने की साजिश रचने का आरोप लगाया है।
पीड़ित ने पुलिस को दी तहरीर में बताया कि उसकी पत्नी गंभीर बीमारी से पीड़ित होने के बावजूद अन्य पुरुषों से अवैध संबंध बना रही है। युवक का कहना है कि इस कारण न केवल उसका जीवन खतरे में है बल्कि कस्बे में बीमारी के फैलने का भी अंदेशा बना हुआ है।
पीड़ित के अनुसार उसने जब पत्नी की गतिविधियों का विरोध किया और उसे समझाने का प्रयास किया तो पत्नी ने अपने प्रेमी के साथ मिलकर उसे जान से मारने की धमकी दी। आरोप है कि दोनों ने मिलकर उसकी हत्या की योजना भी बनाई। इस आशंका के चलते युवक पिछले कई महीनों से अपना घर छोड़कर बाहर रहने को मजबूर है। उसका कहना है कि वह लगातार भय और मानसिक तनाव में जी रहा है। युवक ने बताया कि पत्नी से वह स्वयं को सुरक्षित महसूस नहीं कर पा रहा है।
कई बार उसने रिश्तेदारों और परिचितों से मदद की गुहार लगाई लेकिन स्थिति में कोई सुधार नहीं हुआ। इसके बाद मजबूर होकर उसने पुलिस की शरण ली है। सोमवार को पीड़ित युवक थाने पहुंचा और तहरीर देकर अपनी जान-माल की सुरक्षा की मांग की।
सीओ सरधना आशुतोष कुमार का कहना कि मामले की गंभीरता को देखते हुए जांच शुरू कर दी गई है। सभी आरोपों की निष्पक्ष जांच की जाएगी। जांच के दौरान तथ्यों और साक्ष्यों के आधार पर आवश्यक कानूनी कार्रवाई की जाएगी।