फलावदा। निहोरी के जंगल में भेड़ चराने गए एक व्यक्ति की गला रेतकर हत्या कर दी गई। शव की सूचना पर क्षेत्र में सनसनी फैल गई। सूचना पर पहुंची पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भिजवाया।
गांव बातनोर निवासी सुंदर (45) भेड़ पालने का काम करता है। भेड़ को जंगलों में चराकर अपने परिवार का पालन पोषण करता था। रविवार सुबह सुंदर भेड़ों को लेकर जंगल में चला गया। सुंदर के भाई मदन ने बताया शाम के समय भेड़ घर पहुंच गई, जबकि सुंदर घर नहीं पहुंचा। परिजनों ने सुंदर को तलाश किया तो निहोरी के जंगल में बंद पड़े रजबहे में सुंदर का शव पड़ा मिला। इसके गले पर गंभीर घाव थे। सूचना पर थाना पुलिस भी मौके पर पहुंच गई। थाना प्रभारी राकेश कुमार पुंडीर का कहना है कि फारेंसिक टीम बुलाई गई है। प्रथम दृष्टया लग रहा है कि शव कई घंटे से पड़ा है। जांच के बाद ही स्पष्ट हो सकेगा कि मृतक की मौत कैसे हुई है। थाना प्रभारी ने बताया कि शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा जा रहा है।