मेरठ। चिकित्सक दंपती के बेटे का एडमिशन एमबीबीएस में कराने का झांसा देकर 29 लाख की ठगी देने के मामले में लिसाड़ी गेट पुलिस ने एक आरोपी जय माहोर को गिरफ्तार किया है। महिला समेत एक अन्य आरोपी पुलिस के हाथ नहीं आए हैं।
शास्त्रीनगर सद्भावना पार्क निवासी डॉ. रेखा गुप्ता और डॉ. रमेश चंद्र का बेटा अस्तित्व नीट की तैयारी कर रहा था। एक मार्च 2024 को डॉ. रेखा गुप्ता के मोबाइल पर जय माहोर नाम के व्यक्ति की कॉल आई। उसने बेटे का नीट पास कराने और मेडिकल कॉलेज में सीट दिलाने की बात कहकर दिल्ली कनॉट प्लेस बुलाया। दंपती वहां पहुंचे तो उनकी मुलाकात जय माहाेर के साथ आरती तोमर और श्रेयम सिंह से हुई। इन लोगों ने नीट पास कराने और मेडिकल कॉलेज में सीट दिलाने के नाम पर उनसे 44 लाख रुपये ले लिए।
नीट पास न होने पर दंपती ने आरोपियों से बात की तो उन्होंने वर्द्धमान महावीर मेडिकल कॉलेज सफदरगंज में सीट मिलने का फर्जी प्रमाण पत्र थमा दिया था। कॉलेज में जानकारी करने पर पता चला कि प्रमाण पत्र फर्जी है। शिकायत करने पर आरोपियों ने 15 लाख रुपये लौटा दिए थे। बाकी रकम मांगने पर जान से मारने की धमकी दी। सीओ कोतवाली अंतरिक्ष जैन ने बताया कि नई दिल्ली के ग्रीन एनक्लेव किराड़ी सुल्तानपुरी थाना अमन विहार निवासी जय माहोर को गिरफ्तार कर लिया गया। आरती तोमर और श्रेयम सिंह को तलाश किया जा रहा है। उन्हें भी जल्द पकड़ लिया जाएगा।