- मतदान बहिष्कार की दी चेतावनी, दो साल से सड़क बदहाल, सरकार के विकास के दावों पर उठाए सवाल
- 22 किलोमीटर लंबा मार्ग, दो वर्ष में केवल चार किलोमीटर ही निर्माण हो पाया
संवाद न्यूज एजेंसी
हस्तिनापुर। मखदूमपुर से नया गांव तक करीब 22 किलोमीटर लंबे मार्ग की बदहाली पर मंगलवा को ग्रामीणों का गुस्सा फूट पड़ा। तारापुर के मुख्य बाजार में ग्रामीणों, स्थानीय युवाओं और व्यापारियों ने विरोध प्रदर्शन किया। उन्होंने लोक निर्माण विभाग, सरकार और प्रशासनिक अधिकारियों पर गंभीर आरोप लगाए।
ग्रामीणों का आरोप है कि सड़क निर्माण के लिए बजट मिलने के बावजूद कार्य शुरू नहीं हुआ है। दो वर्षों में केवल 4 किलोमीटर सड़क का ही निर्माण हो पाया है। कार्य रुक-रुक कर किया जा रहा है। ग्रामीणों ने इसमें धांधली के आरोप लगाए हैं। खादर क्षेत्र की जनता लंबे समय से बदहाल सड़क की समस्या झेल रही है। जिम्मेदार अधिकारी इस समस्या को गंभीरता से नहीं ले रहे हैं। ग्रामीणों ने मुख्यमंत्री पोर्टल पर शिकायत करने की चेतावनी दी है। स्थानीय युवा शुभम ने कहा कि दो वर्षों से टूटी सड़क पर चलते-चलते सब्र जवाब दे चुका है। सरकार के विकास के दावे खादर क्षेत्र में जर्जर सड़क के रूप में दिख रहे हैं।
युवा सिकंदर, सोनू और सुनील ने खादर क्षेत्र की समस्याओं की लगातार अनदेखी पर चिंता जताई। उन्होंने कहा कि वह क्षेत्र के विकास के लिए मतदान करते हैं, लेकिन उनकी समस्याओं पर ध्यान नहीं दिया जा रहा है। यदि सड़क निर्माण जल्द शुरू नहीं हुआ तो वह मतदान बहिष्कार को मजबूर होंगे।
प्रदर्शनकारियों में शामिल बब्बी, अरविंद और प्रवेश ने जर्जर सड़क के कारण कई युवाओं के गंभीर रूप से घायल होने की बात कही। उन्होंने बताया कि सड़क हादसों में लोगों की जान भी जा चुकी है। इसके बावजूद सरकार और स्थानीय अधिकारियों की नींद नहीं टूट रही है। ग्रामीणों ने जल्द निर्माण कार्य शुरू करने की मांग की।