सीसीएसयू के सात दिवसीय योग शिविर का समापन
संवाद न्यूज एजेंसी
मेरठ। चौधरी चरण सिंह विश्वविद्यालय मेरठ एवं क्रीड़ा भारती के संयुक्त तत्वावधान में विश्वविद्यालय के खेल मैदान पर चल रहे सात दिवसीय योग शिविर का रविवार को समापन हो गया। योग गुरु स्वामी कर्मवीर जी महाराज ने कहा कि यदि व्यक्ति वास्तव में स्वस्थ, निरोग और ऊर्जावान जीवन जीना चाहता है तो योग को अपनी दैनिक दिनचर्या का हिस्सा बनाना होगा। वर्ष में एक दिन योग करने या केवल योग दिवस मनाने से अपेक्षित लाभ प्राप्त नहीं हो सकते।
वर्तमान समय में तनाव, अवसाद, अनियमित जीवनशैली और विभिन्न शारीरिक बीमारियां तेजी से बढ़ रही हैं। योग इन सभी समस्याओं का सरल, प्राकृतिक और प्रभावी समाधान है। कुलपति प्रोफेसर संगीता शुक्ला ने कहा कि योग भारत की प्राचीन सांस्कृतिक धरोहर है, जिसे आज पूरा विश्व स्वीकार कर रहा है। इस अवसर पर सांसद अरुण गोविल, राज्य मंत्री डॉ. सोमेंद्र तोमर, विधायक गुलाम मोहम्मद, एमएलसी धर्मेंद्र भारद्वाज, सुनील भराला, वित्त अधिकारी रमेश चंद्र, परीक्षा नियंत्रक अजय कृष्ण यादव, प्रो. मृदुल गुप्ता, प्रो. वीरपाल सिंह, प्रो. कृष्णकांत शर्मा, डॉ. संदीप त्यागी, जगत सिंह दोसा, मितेंद्र गुप्ता आदि उपस्थित रहे।