गांव फतेहपुर नारायण का मुख्य मार्ग क्षतिग्रस्त अवस्था में। स्त्रोत- संवाद
ग्रामीणों की समस्या पर जनप्रतिनिधियों और पीडब्ल्यूडी ने भी नहीं की सुनवाई
संवाद न्यूज एजेंसी
माछरा। क्षेत्र के फतेहपुर नारायण गांव का मुख्य मार्ग जर्जर होने के कारण राहगीरों को आवागमन में परेशानी हो रही है। बारिश होने पर सड़क के गड्ढों में पानी भरने से अधिक परेशानी का सामना करना पड़ रहा है।
शाहजहांपुर-फतेहपुर नारायण संपर्क मार्ग करीब साढे तीन किलोमीटर लंबा है। यह मार्ग जगह-जगह से टूटकर जर्जर अवस्था में पहुंच गया है। बहुउद्देशीय प्राथमिक ग्रामीण सहकारी समिति फतेहपुर नारायण के चेयरमैन संदीप बलराज त्यागी, मुकेश त्यागी, राहुल आदि ग्रामीणों ने पीडब्ल्यूडी से साढ़े तीन किलोमीटर लंबे इस मार्ग पर करीब एक किलोमीटर मार्ग का निर्माण कराया था। शेष करीब ढाई किलोमीटर रास्ता छोड़ दिया था। अब यह रास्ता टूटकर गड्ढों में तब्दील हो गया है। गन्नाें से लदी भैंसा-बुग्गी और वाहनों को निकलने में परेशानी हो रही है। लोगों का पैदल निकलना भी दूभर हो गया है।
ग्रामीणों ने बताया कि सड़क निर्माण के लिए क्षेत्रीय विधायक, जिला पंचायत आदि से भी निर्माण की बात की गई। पीडब्ल्यूडी के यहां भी रास्ता टूटने होने पर निर्माण के लिए मिले लेकिन केवल आश्वासन ही मिला। उक्त रास्ते पर शाहजहांपुर से फतेहपुर नारायण, जड़ौदा आदि के लिए ई-रिक्शा चलती हैं परंतु कई बार गड्ढों में पहिया गिरने पर पलट गईं। इसमें सवारी भी घायल हुई हैं। ग्रामीणों ने सड़क निर्माण की मांग करते हुए सीएम पोर्टल पर भी शिकायत की लेकिन सड़क का निर्माण नहीं हुआ।