संवाद न्यूज एजेंसी
सरधना। अग्रवाल समाज के जनक महाराजा अग्रसेन की जयंती रविवार को उत्साह और उल्लास के साथ मनाई गई। श्री अग्रसेन युवा मंच के तत्वावधान में कड़ी-चावल के भंडारे का आयोजन किया गया। इसमें समाज के युवाओं और गणमान्य लोगों ने भाग लिया। भंडारे में लोगों ने प्रसाद ग्रहण किया।
कार्यक्रम में श्री अग्रसेन युवा मंच के पदाधिकारियों और सदस्यों ने महाराजा अग्रसेन की प्रतिमा पर माल्यार्पण कर श्रद्धासुमन अर्पित किए। मुख्य अतिथि भाजपा मंडल अध्यक्ष विनोद जैन ने महाराजा अग्रसेन के जीवन और उनके आदर्शों पर प्रकाश डालते हुए समाजवाद, भाईचारे और समानता के सिद्धांतों को जीवन में अपनाने का आह्वान किया।
कार्यक्रम संयोजक ललित गुप्ता ने कहा कि महाराजा अग्रसेन ने एक ईंट, एक रुपया के सिद्धांत के माध्यम से समाज में सहयोग, समानता और जरूरतमंदों की सहायता का संदेश दिया था। ऐसे आयोजनों का उद्देश्य युवा पीढ़ी को अपनी संस्कृति, संस्कारों और गौरवशाली इतिहास से जोड़ना है। साथ ही समाज में परोपकार और आपसी भाईचारे की भावना को मजबूत करना भी इसका प्रमुख उद्देश्य है। इस मौके पर अंबुज प्रकाश, रजत गोयल, अतुल गुप्ता, लक्ष्मण अग्रवाल, अंकुर गुप्ता, संजय गुप्ता, अमन गुप्ता, काव्य बंसल, नवीन बंसल, विकास कंसल, वैभव बंसल, उज्ज्वल मित्तल और मोहित अग्रवाल आदि मौजूद रहे।