सरकार की सख्त नीतियों के बाद भी छात्रवृत्ति हड़पने का मामला थमने का नाम नहीं ले रहा है। गांव जई स्थित मदरसा एनएस जामिया अरेबिक एजुकेशन ने लगभग साढ़े पांच लाख रुपये का गबन कर सरकारी धनराशि का दुरुपयोग किया है। इस मामले में मदरसे के छात्रवृत्ति नोडल अधिकारी सरफराज निवासी ग्राम जई को जांच में दोषी मानते हुए जिला अल्पसंख्यक कल्याण अधिकारी मौहम्मद तारिक ने भावनपुर थाने में तहरीर दी है। मदरसा संचालक पिछले तीन वर्षोँ से छात्रवृत्ति हड़पने का काम कर रहा था।
हाल ही में न्यू मलियाना निवासी प्रवीन राही के दिए गए शिकायती पत्र के आधार पर विभागीय जांच शुरू की गई थी। मौके पर पहुंचे अधिकारियों ने गांव में मौजूद लोगों से बातचीत की। उन्होंने छात्रवृत्ति न मिलने के बारे में जिला अल्पसंख्यक कल्याण अधिकारी से शिकायत की।
मदरसे में 144 में से 50 बच्चे शिकायत लेकर अधिकारी के पास पहुंचे। कक्षा-छह से आठ तक के इस मदरसे में तीन वर्षों से छात्रवृत्ति हड़पने की शिकायतें मिलीं। एक वर्ष में प्रति बच्चे को 5700 रुपये छात्रवृत्ति दी जाती है।
शिकायत कर रहे लोगों ने बताया कि मदरसा संचालक उनसे छात्रवृत्ति के नाम पर अंगूठा लगवाते रहे। जबकि उन्हें एक बार भी छात्रवृत्ति नहीं दी गई। इसके साथ-साथ कुछ बच्चे अन्य स्कूल में पढ़ाई कर रहे हैं, जबकि मदरसे का संचालक छात्रवृत्ति हड़पने के लिए दूसरे स्कूल में पढ़ने वाले बच्चों के नाम भी अपने रजिस्टर में दिखाते हुए छात्रवृत्ति हड़प रहे हैं।
काली सूची में मदरसा, मान्यता भी होगी रद
वहीं, इस मदरसे पर जिला अल्पसंख्यक कल्याण अधिकारी की तरफ से शासन को भी रिपोर्ट भेज दी गई है। शासन स्तर पर मदरसे को काली सूची में डाल दिया जाएगा। वहीं, मदरसा बोर्ड से इसकी मान्यता रद करने के बारे में भी पत्र लिखा जाएगा।
वहीं, जिला अल्पसंख्यक कल्याण अधिकारी ने अन्य मदरसा संचालकों को भी सुधरने के लिए निर्देश दिए हैं। उनका कहना है कि अगर अन्य स्थानों से भी ऐसी कोई शिकायत मिली तो उन्हें भी बख्शा नहीं जाएगा।