सकौती में कांउटर लगाकर फास्टैग के लिए किया जागरूक
दौराला। 15 फरवरी से सभी टोल प्लाजा पर फास्टैग व्यवस्था लागू कर दी जाएगी। स्थानीय वाहन चालकों को जागरूक करने के लिए आसपास के गांवों में काउंटर लगाकर फास्टैग लगाने की प्रक्रिया की जा रही है। परंतु इसके बावजूद वाहन चालक जागरूक नहीं हो रहे हैं।
सिवाया टोल प्लाजा पर 15 फरवरी से फास्टैग व्यवस्था पूर्ण रूप से लागू कर दी जाएगी। साथ ही सभी कैश लाइन खत्म कर दी जाएंगी। टोल मैनेजर प्रदीप चौधरी ने बताया कि टोल से गुजरने वाले वाहन चालक टोल के दोनों ओर लगे काउंटर पर आकर अपने वाहनों पर फास्टैग लगवा रहे हैं, परंतु अभी भी स्थानीय वाहन चालक जागरूक नहीं हो रहे हैं। टोल के 10 किमी के दायरे में आने वाले गांवों के वाहन चालकों को फास्टैग लगवाने पर कार पर 75 प्रतिशत व कामर्शियल वाहनों पर 50 प्रतिशत छूट मिलेगी। उन्हें अपनी लोकल आईडी की प्रति टोल पर जमा करानी होगी। इसे लेकर शनिवार को सकौती गांव में काउंटर लगाकर वाहन चालकों को जागरूक किया गया। शाम तक 20 वाहन चालकों ने ही वाहनों पर फास्टैग लगवाया। अन्य गांव के वाहन चालकों को भी जागरूक किया जा रहा है।