शातिरों ने लखनऊ में एक ब्रांडेड कंपनी के मोबाइल की खेप चोरी कर मेरठ में खपा दी। सर्विलांस टीम को 36 मोबाइल नेताओं के घर बजते मिले हैं, जिनमें कई भाजपा नेता हैं। इसकी जानकारी पर लखनऊ क्राइम ब्रांच ने शहर में डेरा डाल दिया। बुधवार देर रात तक दस मोबाइल पुलिस बरामद कर चुकी है।
नेताओं को किरकिरी से बचाने के लिए पुलिस साठगांठ कर गुपचुप मोबाइल बरामद कराने में लगी है। बुधवार दिन भर पुलिस ने कई जगहों पर लखनऊ पुलिस के साथ दबिश दी। लेकिन एक भी आरोपी हत्थे नहीं चढ़ा। जिनके पास चोरी के मोबाइल चल रहे हैं, वह भी बताने को तैयार नहीं कि आखिर उनके पास यह फोन कहां से आए। एक-दूसरे का नाम बताकर लोग पल्ला झाड़ रहे हैं। पुलिस भी उनको बचाने में लगी है। एक के बाद एक दस मोबाइल नेताओें के गुर्गे पुलिस को देकर चले गए। तीन दिन से यह सिलसिला चल रहा है। पुलिस ने बताया है कि ब्रांडेड मोबाइल को सस्ते दाम में खरीदने के चक्कर में भाजपा नेता फंसे हैं। बुधवार को भाजपा नेताओं ने पांच मोबाइल लखनऊ पुलिस को लौटाए हैं।
यह था मामला
लखनऊ में एक जनवरी 2019 को तिरपाल काटकर एक ट्रक से मोबाइल फोन चोरी हुए थे। जिसका मुकदमा कंपनी मैनेजर ने लखनऊ के पारा थाने में दर्ज कराया था। चोरी हुए 36 मोबाइल ऑपरेट हुए तो उनकी लोकेशन मेरठ में मिली। जिसके बाद लखनऊ पुलिस ने मेरठ में डेरा डाला। एसपी क्राइम रामअर्ज ने देहलीगेट, कोतवाली, सदर बाजार और लिसाड़ीगेट पुलिस की टीम लखनऊ पुलिस के साथ लगाई हुई है।
नोट- इन खबरों के बारे आपकी क्या राय हैं। हमें फेसबुक पर कमेंट बॉक्स में लिखकर बताएं।
शहर से लेकर देश तक की ताजा खबरें व वीडियो देखने लिए हमारे इस फेसबुक पेज को लाइक करें
https://www.facebook.com/AuNewsMeerut/