बौद्ध समाज के हजारों परिवारों ने मनाई बुद्ध पूर्णिमा, शोभायात्रा, घरों में धार्मिक अनुष्ठान
समाज ने किए आयोजन, बांटी गई ठंडी खीर
माई सिटी रिपोर्टर
मेरठ। बौद्ध समाज के हजारों परिवारों ने बुद्ध पूर्णिमा को उत्साह के साथ मनाया। घरों में व्यंजन बनाए गए। रात्रि में दीप मालाएं सजाई गई। हजारों परिवारों ने एक दूसरे को बुद्ध पूर्णिमा की शुभकामना दी। कई सामाजिक संगठनों द्वारा परंपरागत रूप से आयोजन हुए। इस दौरान शोभायात्रा भी निकाली गई। कई सामाजिक संगठनों ने डॉ. आंबेडकर को भी स्मरण किया।
सराय काजी क्षेत्र में भगवान बुद्ध की भव्य शोभायात्रा निकाली गई। शोभायात्रा सुबह आठ बजे आंबेडकर प्रतिमा स्थल से आंरभ होकर सराय काजी, जागृति विहार एक्सटेंशन, सोमदत्त सिटी एवं हनुमान विहार फेज तृतीय की विभिन्न गलियों से होते हुए दोबारा आंबेडकर प्रतिमा पर संपन्न हुई।
शोभायात्रा में भगवान बुद्ध की सुंदर झांकी बैंड बाजों के साथ निकाली गई। स्थानीय लोगों के साथ साथ स्कूली बच्चों ने भी उत्साहपूर्वक भाग लिया। जगपाल सिंह बौद्ध ने सभी सहयोगियों और क्षेत्रवासियों का आभार व्यक्त करते हुए बुद्ध पूर्णिमा के इस त्रिगुण पावन अवसर पर सभी के सुख, शांति एवं समृद्धि की मंगल कामना की। आयोजन में पूर्व पार्षद जगपाल सिंह बौद्ध, चरण सिंह बौद्ध, तेजपाल सिंह बौद्ध, प्रेम पाल सिंह बौद्ध, सतपाल सिंह गौतम, तुलसीदास, बिजेंद्र सिंह, पदम सिंह बौद्ध एवं चंद्रशेखरका विशेष सहयोग रहा।भारतीय मानव विकास परिषद द्वारा जागृति विहार सेक्टर तीन कम्यूनिटी हॉल में खीर वितरण कार्यक्रम किया गया।
शोभायात्रा निकालकर किया शहीदों को नमन
माई सिटी रिपोर्टर
मेरठ। बुद्ध पूर्णिमा के अवसर पर अखिल भारतीय बौद्ध समाज के तत्वावधान में भव्य शोभायात्रा का आयोजन किया गया। यात्रा की शुरुआत शहीद स्मारक भैसाली मैदान से हुई। त्रिशरण एवं पंचशील ग्रहण कराया गया। श्रद्धालुओं ने ज्ञात एवं अज्ञात शहीदों को श्रद्धा सुमन अर्पित कर नमन किया।
इसके बाद भगवान बुद्ध की प्रतिमा के साथ शोभायात्रा बैंड बाजों और मंगल गीतों के बीच विभिन्न मार्गों से होते हुए सूरजकुंड स्थित प्राचीन बुद्ध प्रतिमा स्थल तक पहुंची। यहां एक सभा हुई। अध्यक्षता जगपाल सिंह बौद्ध और संचालन राजकुमार बौद्ध ने किया। दोनों वक्ताओं ने भगवान बुद्ध के करुणा, दया और अहिंसा के संदेशों पर प्रकाश डालते हुए उनके उपदेशों को मानव जीवन के लिए अत्यंत महत्वपूर्ण बताया। संगठन के अध्यक्ष सोहनवीर सिंह बौद्ध ने श्रद्धालुओं का आभार व्यक्त किया। इस अवसर पर मुख्य रूप से धर्मशरण, सुभाष चंद, सुमित बौद्ध, सतेंद्र बौद्ध, राजेंद्र सिंह, नीलम, दिनेश बौद्ध, प्रकाशवती मौजूद रहीं।