हस्तिनापुर। क्षेत्र के गांव जलालपुर में बृहस्पतिवार शाम तेज हवा के चलते हाईटेंशन लाइन का तार टूट गया। तार टूटने से निकली चिंगारी से गांव के कई कच्चे घरों में आग लग गई, जिससे अफरा-तफरी मच गई। आग ने कुछ ही देर में विकराल रूप धारण कर लिया। करीब चार घर इसकी चपेट में आए। आग से काफी सामान जलकर नष्ट हो गया।
ग्राम प्रधान महेंद्र सिंह ने बताया कि बृहस्पतिवार शाम विद्युत लाइन का तार टूटा तो रामप्रकाश के घर में सबसे पहले आग लगी। देखते ही देखते आग ने घर में रखे सामान को अपनी चपेट में ले लिया, जिससे करीब काफी नुकसान हो गया। वहीं सुखबीर के भूसे के अड्डे में भी आग लग गई, जिससे काफी नुकसान हुआ। इसके अलावा राजू का भूसा भी आग की चपेट में आने से जलकर राख हो गया। तेज हवा के कारण आग तेजी से फैलती चली गई और आसपास के अन्य घर भी इसकी चपेट में आ गए।
ग्रामीणों ने आग बुझाने का प्रयास किया लेकिन आग की लपटें तेज होने के कारण सफलता नहीं मिल सकी। घटना की सूचना दमकल विभाग को दी गई। दमकल टीम ने करीब एक घंटे की मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया। आग बुझने के बाद ग्रामीणों ने राहत की सांस ली। ग्रामीणों ने प्रशासन से पीड़ित परिवारों को मुआवजा दिलाने की मांग की है।
जलालपुर जोरा में आग लगने से जला घर का सामान स्रोत संवाद