बरात में शामिल झांकियां बनी रहीं आकर्षण का केंद्र
हस्तिनापुर। श्री रामलीला कमेटी के तत्वावधान में रविवार को रामलीला मंचन से पूर्व धूमधाम से भगवान शिव की बरात निकाली गई। भगवान शिव की बरात में भूत पिशाच जमकर नाचे। शिव बरात में शामिल झांकियां आकर्षण का केंद्र रहीं।
रामलीला मंचन से पूर्व रविवार को भगवान शिव की बरात धूमधाम से निकाली गई। मुख्य अतिथि संजय मनचंदा ने परिवार के साथ फीता काटकर शिव बरात का शुभारंभ किया। शिव बरात कस्बे के रामलीला मैदान से शुरू होकर कस्बे के विभिन्न स्थानों से होते हुए वापस श्रीराम लीला मैदान पर समाप्त हुई। लोगों ने भगवान शिव बरात में शामिल झांकियां पर पुष्प वर्षा कर भव्य स्वागत किया और भगवान शिव का आशीर्वाद लिया।
शोभायात्रा के दौरान देव स्वरूपों की झांकियों को देखने के लिए श्रद्धालु लालायित रहे। बरात में सबसे आगे बैंड धार्मिक धुन बिखेरता चल रहा था। पीछे श्रद्धालु झूमते हुए चल रहे थे। बरात में शिवजी के गण भूत, गन्धर्व, पिशाच, राक्षस झूमते हुए चल रहे थे। दूल्हे रूप में जब शिवजी रथ पर सवार हुए तो चारों ओर माहौल भोलेनाथ की जयकार से गूंज उठा। नगर के गणमान्य लोग बराती के रूप में शामिल हुए। जब बरात रामलीला परिसर पहुंची तो पर्वतराज ने उनकी अगवानी कर पार्वती से उनका विवाह संपन्न कराया।
शाम के समय रामलीला मैदान में भव्य समारोह में शिव-पार्वती का विवाहोत्सव मनाया गया। शिवजी की बरात में कई देवताओं और ऋषि मुनियोंं के स्वरूपों की झांकी भी शामिल हुई। कार्यक्रम में कमेटी के संरक्षक हरशू ललित, बालमुकुंद बत्रा, अनुज शर्मा, महामंत्री सुनील कालरा, मुकेश ठाकुर, नीरज कामदार, दर्शन भारद्वाज, कोषाध्यक्ष बिट्टू गबरानी, मनोज अहलावत, मीडिया प्रभारी जेपी बैंसला, बॉबी चौधरी आदि उपस्थित रहे।
आज से होगा श्रीराम लीला का मंचन
कस्बे की श्री रामलीला कमेटी के तत्वावधान में शिव बरात निकालने के साथ शाम को मथुरा वृंदावन से आए कलाकारों द्वारा साउंड और लाइट इफेक्ट का प्रदर्शन किया गया। सोमवार को श्रीराम लीला का मंचन शुरू होगा। श्रीराम लीला कमेटी के अध्यक्ष गौरव गुर्जर ने बताया कि इस बार मथुरा वृंदावन से रामलीला के लिए कलाकार बुलाए गए हैं जो आधुनिक तरीके से रामलीला का मंचन करेंगे।